फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   Business News and Updates Share Market News personal finance news govt announces

Biz Updates: रूस अब भारत से खरीदेगा केला, 5 लाख टन तक आयात की तैयारी; बेरोजगारी दर बढ़कर 5.2% हुई

Thu, 16 Oct 2025 03:34 AM IST
शिव शुक्ला बिजनेस डेस्क, अमर उजाला
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Thu, 16 Oct 2025 03:34 AM IST
विज्ञापन
Business News and Updates Share Market News personal finance news govt announces
शेयर बाजार, कारोबार और वाणिज्य जगत की अहम खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

रूस ने भारत से बड़े पैमाने पर केले आयात करने की घोषणा की है। विदेश से कृषि उत्पादों के आयात की अनुमति देने वाली रूस की सरकारी संस्था रोसेलखोजनादजोर ने बुधवार को कहा कि भारत अपने केले के निर्यात में वृद्धि कर सकता है। रूस उसका एक बड़ा नया बाजार हो सकता है। भारत से रूस हर साल 3 से 5 लाख टन तक केले मंगाने के लिए तैयार है। रूसी संस्था के प्रमुख सेर्गेई डैंकवर्ट ने भारत के मत्स्य, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय तथा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की। इस दौरान दोनों पक्षों ने कृषि उत्पादों के पारस्परिक व्यापार को बढ़ाने पर चर्चा की, जिसमें भारत से झींगा मछली, अन्य समुद्री उत्पादों, फलों और सब्जियों के निर्यात पर भी बात हुई। रोसेलखोजनादजोर ने कहा, भारत दुनिया में केला उत्पादन में पहले स्थान पर है। भारत हर साल करीब 3.3 करोड़ टन केला पैदा करता है। रूस अपने आपूर्ति स्रोतों का भौगोलिक विस्तार करना चाहता है, और इस दिशा में भारत एक प्रमुख साझेदार बन सकता है।

विज्ञापन

बेरोजगारी दर बढ़कर 5.2% हुई
देश में 15 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों में बेरोजगारी दर सितंबर, 2025 में मामूली बढ़कर 5.2 फीसदी पहुंच गई। अगस्त में यह 5.1%, जुलाई में 5.2% और मई-जून में 5.6% रही थी।

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) के आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) के मुताबिक, ग्रामीण इलाकों में रहने वाले 15 वर्ष और उससे ज्यादा उम्र के लोगों में बेरोजगारी दर अगस्त के 4.3% से बढ़कर सितंबर में 4.6% पहुंच गई। शहरी इलाकों में इस दौरान बेरोजगारी दर 6.8% रही, जो अगस्त के 6.7% से मामूली अधिक है। सर्वेक्षण के मुताबिक, सितंबर में समग्र श्रमबल जनसंख्या अनुपात (डब्ल्यूपीआर) 52.4% रहा, जो मई, 2025 के बाद से दर्ज उच्चतम स्तर है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में महिला श्रमबल में वृद्धि के कारण यह बढ़ा है। 15 वर्ष और उससे ज्यादा उम्र की महिलाओं में कुल डब्ल्यूपीआर लगातार तीसरे महीने बढ़ा है। जून में यह 30.2% था, जो सितंबर में बढ़कर 32.3% पहुंच गया।

सर्वेक्षण के मुताबिक, 15 वर्ष और उससे अधिक उम्र की शहरी महिलाओं में बेरोजगारी दर भी पिछले महीने बढ़कर 9.3 फीसदी पहुंच गई। अगस्त में यह 8.9 फीसदी थी।

 ग्रामीण महिलाओं की बेरोजगारी दर भी 5.2 फीसदी से बढ़कर 5.5 फीसदी पहुंच गई। सर्वेक्षण में बताया गया है कि अगस्त में गिरावट के बाद सितंबर में पुरुषों की बेरोजगारी दर फिर मामूली बढ़ी है। ग्रामीण इलाकों में यह 4.5 फीसदी से बढ़कर 4.7 फीसदी पहुंच गई। शहरों में यह 5.9 फीसदी से बढ़कर 6 फीसदी पहुंच गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

तरुण गर्ग ह्यूंडई का नेतृत्व करने वाले पहले भारतीय, अब एमडी-सीईओ बने
ह्यूंडई मोटर इंडिया ने तरुण गर्ग को प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एमडी-सीईओ) नियुक्त किया है। वह एक जनवरी, 2026 से कार्यभार संभालेंगे। गर्ग अभी मुख्य परिचालन अधिकारी हैं। 1996 में कंपनी के देश में परिचालन शुरू होने के बाद से वे पहले भारतीय एमडी हैं। वर्तमान प्रबंध निदेशक उन्सू किम 31 दिसंबर, 2025 को दक्षिण कोरिया लौट रहे हैं।

दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियर और आईआईएम लखनऊ से एमबीए गर्ग को ऑटोमोबाइल उद्योग में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। ह्यूंडई से पहले मारुति सुजुकी इंडिया में गर्ग ने काम किया था। अप्रैल से अगस्त तक कंपनी ने घरेलू बाजार में 2,20,233 कारें बेची हैं। कंपनी करेगी 45,000 करोड़ का निवेश ः ह्यूंडई के चेयरमैन जोस मुनोज ने बुधवार को कहा, भारतीय इकाई 2029-30 तक 45,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसका लक्ष्य भारत को वैश्विक स्तर पर दूसरा सबसे बड़ा क्षेत्र बनाना है। 30 फीसदी तक निर्यात योगदान का लक्ष्य है।

विज्ञापन

पीएम काे 1.11 करोड़ लोगों ने पोस्टकार्ड लिखकर जताया आभार, बना विश्व रिकॉर्ड
जीएसटी सुधार जैसे कार्यों के लिए 1.11 करोड़ से अधिक लोगों ने पीएम नरेंद्र मोदी को पोस्टकार्ड लिखकर आभार जाताया, जो नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के अधिकारियों ने मंगलवार को गिनती के बाद प्रमाणपत्र सौंपा।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह पहल कृषि, किसान कल्याण और सहकारिता विभाग के तत्वावधान में की गई। प्रधानमंत्री को कुल 1,11,75,000 पोस्टकार्ड लिखे गए, जिनमें जीएसटी सुधारों और कई अन्य उपायों के लिए उन्हें धन्यवाद दिया गया। दुनिया में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में एक साथ पोस्टकार्ड लिखे गए। पूर्व में अनुमान लगाया गया था कि 75 लाख से अधिक पोस्टकार्ड लिखे जाएंगे। लेकिन गुजरात के लोगों ने 1.11 करोड़ से ज्यादा पोस्टकार्ड लिखे। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार, पिछला रिकॉर्ड 6,666 पोस्टकार्ड के साथ स्विस एजेंसी फॉर डेवलपमेंट एंड कोऑपरेशन (एसडीसी) व सेक्शन वाटर बेसल, स्विट्जरलैंड के नाम था। 

बीएनआरएसएल लाएगी बी-फ्लाई इंडिया अल्टरनेट अपॉर्च्युनिटीज फंड
 हैदराबाद की बीएन राठी सिक्योरिटीज लि. ने कैटेगरी थ्री अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट फंड बी-फ्लाई इंडिया अल्टरनेट अपॉर्च्युनिटीज फंड के लॉन्च की घोषणा की है। यह कदम कंपनी की निवेश सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम मील का पत्थर माना जा रहा है।
बीएनआरएसएल सेबी में पंजीकृत स्टॉक ब्रोकर है। कंपनी के पास 60,000 से अधिक निवेश खाते हैं। 1985 में स्थापित और बॉम्बे स्टॉक एक्चसेंज (बीएसई) में सूचीबद्ध यह कंपनी दक्षिण भारत की अग्रणी स्टॉक ब्रोकिंग और वित्तीय सेवाएं देने वाली कंपनियों में गिनी जाती है। यह आईपीओ, ब्रोकिंग, डिपॉजिटरीज, पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सेवाएं, आईपीओ वितरण, इंटरनेट ट्रेडिंग और संस्थागत कारोबार जैसी सेवाएं देती है।

इन्फोसिस देगी 23 रुपये का लाभांश, विप्रो का शुद्ध लाभ मामूली बढ़कर 3,246 करोड़
आईटी कंपनी इन्फोसिस को चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में 7,364 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। एक साल पहले की समान तिमाही के 6,506 करोड़ रुपये की तुलना में यह 13.2 फीसदी अधिक है। परिचालन से राजस्व 8.6 फीसदी बढ़कर 44,490 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने 23 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम लाभांश देने की घोषणा की है।

इन्फोसिस के बड़े सौदों का कुल अनुबंध मूल्य 3.1 अरब डॉलर या लगभग 27,525 करोड़ रहा। कंपनी ने तिमाही के दौरान कर्मचारियों की संख्या 8,203 बढ़ाकर 3,31,991 कर दी, जो जून तिमाही में 3,23,788 थी।

उधर, विप्रो का फायदा सितंबर तिमाही में मामूली बढ़कर 3,246 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले इसी तिमाही में 3,208 करोड़ था। राजस्व 1.7 फीसदी बढ़कर 22,697 करोड़ हो गया। मार्च तिमाही की तुलना में लाभ 2.3 और राजस्व 2.5 फीसदी बढ़ा है। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में बुकिंग 9.5 अरब डॉलर को पार कर गई।  

इटरनल को 65 करोड़ रुपये का फायदा
जोमैटो और ब्लिंकिट ब्रांडों की मालिक इटरनल को सितंबर तिमाही में 65 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी को 176 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था। कंपनी ने कहा, परिणाम पिछले साल की समान तिमाही के साथ तुलनीय नहीं हैं, क्योंकि अगस्त, 2024 में ऑर्बजेन टेक्नोलॉजीज और वेस्टलैंड एंटरटेनमेंट का अधिग्रहण किया है। परिचालन राजस्व 13,590 करोड़ रहा।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed