Biz Updates: पश्चिम एशिया संकट के बीच विमानन कंपनियों की मुश्किलें बढ़ीं, केंद्र सरकार से मांगी राहत
वस्त्र मंत्रालय की पश्चिमी राज्यों के साथ सलाहकार बैठक
केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय ने शुक्रवार को पश्चिमी क्षेत्र के राज्यों के साथ बजट 2026-27 में वस्त्र क्षेत्र के लिए की गई घोषणाओं पर विचार-विमर्श के लिए एक परामर्श बैठक आयोजित की। मंत्रालय की सचिव नीलम शामी राव ने मुंबई में हुई इस बैठक की अध्यक्षता की। मंत्रालय के अनुसार, बैठक में यूनियन बजट 2026-27 में प्रस्तावित उन प्रमुख पहलों पर चर्चा की गई, जिनका उद्देश्य भारत के वस्त्र पारिस्थितिकी तंत्र को पूरी वैल्यू चेन में मजबूत करना है।
इन पहलों में कौशल विकास और क्षमता निर्माण, फाइबर विकास, स्थिरता को बढ़ावा देने, क्लस्टर विस्तार, बुनियादी ढांचा विकास और हथकरघा व हस्तशिल्प जैसे पारंपरिक क्षेत्रों को सशक्त बनाने से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं। बैठक के दौरान इस बात पर भी जोर दिया गया कि इन बजटीय प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्यों के साथ समन्वय बढ़ाना जरूरी है, ताकि वस्त्र क्षेत्र में रोजगार, उत्पादन और प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ावा दिया जा सके।
गुवाहाटी में पीएम मोदी ने OIL की NSPL परियोजना का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुवाहाटी में आयोजित एक जनसभा के दौरान ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) की नुमालीगढ़-सिलीगुड़ी प्रोडक्ट पाइपलाइन (NSPL) क्षमता विस्तार परियोजना का उद्घाटन किया। इस परियोजना के तहत पाइपलाइन की क्षमता 1.72 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष (MMTPA) से बढ़ाकर 5.5 MMTPA कर दी गई है।
ऑयल इंडिया लिमिटेड की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 654 किलोमीटर लंबी और 406 मिमी (16 इंच) व्यास वाली यह क्रॉस-कंट्री मल्टी-प्रोडक्ट पाइपलाइन पहले 1.72 MMTPA क्षमता के साथ संचालित की जा रही थी। अब इसे नुमालीगढ़ रिफाइनरी की क्षमता 3.0 MMTPA से बढ़ाकर 9.0 MMTPA किए जाने के अनुरूप अपग्रेड किया गया है। यह विस्तार केंद्र सरकार के ‘हाइड्रोकार्बन विजन 2030 फॉर नॉर्थ-ईस्ट’ के तहत किया गया है।
कंपनी के मुताबिक, क्षमता वृद्धि के लिए मौजूदा बुनियादी ढांचे को उन्नत किया गया है। इसके तहत सेकनी, गुवाहाटी, बोंगाईगांव और मदारिहाट स्थित पिगिंग स्टेशनों को इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशनों में बदला गया है। इसके अलावा, नुमालीगढ़ डिस्पैच टर्मिनल पर पंपिंग सुविधाओं का विस्तार और सिलीगुड़ी रिसीट टर्मिनल की सुविधाओं का आधुनिकीकरण किया गया है, ताकि परिचालन दक्षता और सुरक्षा को बेहतर बनाया जा सके।