Biz Updates: एलन मस्क की कंपनी US में बनाएगी सबसे बड़ा सुपरकंप्यूटर सेंटर; जानें UN ने भारत को लेकर क्या कहा
एलन मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी xAI अमेरिका के मिसिसिपी राज्य में 20 अरब डॉलर का विशाल निवेश करने जा रही है। मिसिसिपी के गवर्नर टेट रीव्स ने इसकी घोषणा करते हुए इसे राज्य के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा निजी निवेश बताया है।
यह डेटा सेंटर मैक्रोहार्डआरआर नाम से विकसित किया जा रहा है, जो डेसोटो काउंटी में स्थित होगा। यह इलाका मेम्फिस के पास पड़ता है। यह डेटा सेंटर ग्रेटर मेम्फिस क्षेत्र में xAI का तीसरा डेटा सेंटर होगा। कंपनी के मुख्य वित्त अधिकारी एंथनी आर्मस्ट्रांग के मुताबिक, इन डेटा सेंटरों का यह समूह मिलकर 'दुनिया के सबसे बड़े सुपरकंप्यूटर' को होस्ट करेगा। उन्होंने बताया कि इस सुपरकंप्यूटर की कंप्यूटिंग क्षमता करीब 2 गीगावॉट होगी, जो इसे वैश्विक स्तर पर सबसे शक्तिशाली एआई इंफ्रास्ट्रक्चर में से एक बनाएगी।
वैश्विक चुनौतियों के बावजूद सबसे तेज बड़ी अर्थव्यवस्था बना रहेगा भारत
संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि भारत 2026 में 6.6 प्रतिशत की दर से आर्थिक वृद्धि दर्ज करेगा। चुनौतीपूर्ण वैश्विक माहौल और अमेरिका के ऊंचे टैरिफ के बावजूद मजबूत निजी उपभोग और सार्वजनिक निवेश के चलते भारतीय अर्थव्यवस्था ने उल्लेखनीय मजबूती दिखाई है।
संयुक्त राष्ट्र के संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक एवं सामाजिक मामलों के विभाग द्वारा द्वारा गुरुवार को जारी 'विश्व आर्थिक स्थिति और संभावनाएं 2026' के अनुसार, भारत की आर्थिक वृद्धि दर 2025 के अनुमानित 7.4 प्रतिशत से घटकर 2026 में 6.6 प्रतिशत रहने की संभावना है। रिपोर्ट में इसे मॉडरेशन यानी अपेक्षाकृत धीमी, लेकिन अब भी मजबूत वृद्धि बताया गया है।
संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि वैश्विक व्यापार तनाव, खासतौर पर अमेरिका की ओर से लगाए गए उच्च टैरिफ का असर भारतीय अर्थव्यवस्था पर पड़ा है, लेकिन घरेलू मांग की मजबूती और सरकार के पूंजीगत खर्च ने इस प्रभाव को काफी हद तक संतुलित कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत 2026 में भी दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा।