Bikaji-Global Health: बीकाजी फूड्स व ग्लोबल हेल्थ की बाजार में मजबूत लिस्टिंग, निवेश करने वाले रहे मुनाफे में
Bikaji Food IPO Share Listing: बीकाजी देश की प्रतिष्ठित एफएमसीजी (भुजिया और नमकीन) ब्रांड है। तीन से सात नवंबर के बीच कंपनी का आईपीओ निवेश के लिए खुला था। बीकाजी फूड्स के आईपीओ के लिए 285 रुपये से 300 रुपये के बीच का प्राइस बैंड रखा गया था।
विस्तार
मिठाई और नमकीन बनाने वाली कंपनी बीकाजी फूड्स के शेयरों की लिस्टिंग ठीक-ठाक प्रीमियम पर हो गई है। आईपीओ के इश्यू प्राइस 300 रुपये के मुकाबले बीएसई पर बीकाजी फूड्स के शेयर 321 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से लिस्ट हुए हैं। ऐसे में आईपीओ में जिन निवेशकों को शेयर मिले हैं उन्हें लिस्टिंग पर सात फीसदी प्रीमियम मिला है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर बीकाजी फूड्स के शेयर 323 रुपये पर लिस्ट हुए हैं। ऐसे में शेयर बाजार कर लिस्टिंग में बीकाजी फूड्स के शेयराें ने निवेशकों को निराश नहीं किया है। बीकाजी फूड्स की लिस्टिंग के बाद निवेशकों को प्रति शेयर 21 से 23 रुपये का मुनाफा मिला है। लिस्टिंग के बाद बीकाजी फूड्स के शेयरों की कीमत 330 रुपये के स्तर पर पहुंच गई, जो इसका अब तक का सबसे उच्चतम स्तर है।
285 से 300 रुपये तय किया गया था आईपीओ का प्राइस बैंड
बीकाजी देश की प्रतिष्ठित एफएमसीजी (भुजिया और नमकीन) ब्रांड है। तीन से सात नवंबर के बीच कंपनी का आईपीओ निवेश के लिए खुला था। बीकाजी फूड्स के आईपीओ के लिए 285 रुपये से 300 रुपये के बीच का प्राइस बैंड रखा गया था। कंपनी आईपीओ के जरिए 900 करोड़ रुपये जुटाना चाहती थी। आईपीओ के तहत 2.94 करोड़ शेयरों की बिक्री की गई। बाजार के जानकारों के मुताबिक बीकाजी फूड़स के शेयर ग्रे मार्केट में 71 रुपये के प्रीमियम पर कारोबार करते दिखे थे।
ग्लोबल हेल्थ के आईपीओ को भी मिली मजबूत लिस्टिंग
मेदांता हास्पिटल के नाम से अस्पतालों का चेन चलाने वाली कंपनी ग्लाेबल हेल्थ लिमिटेड भी शेयर बाजार में लिस्ट हो गया है। कंपनी को शेयर बाजार में करीब 19 फीसदी की लिस्टिंग मिली है। कंपनी के शेयर बुधवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 401 रुपये प्रति शेयर जबकि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर 398.15 रुपये प्रति शेयर के भाव पर लिस्ट हुए हैं। कंपनी के आईपीओ का इश्यू प्राइस 336 रुपये प्रति शेयर था। लिस्टिंग के बाद अपने पहले दिन के शुरुआती कारोबार में ग्लोबल हेल्थ लिमिटेड के शेयर बीएसई पर 409 रुपये और एनएसई पर 410 रुपये प्रति शेयर के भाव तक पहुंच गए।
2206 करोड़ रुपये था कंपनी के आईपीओ का मूल्य
मेदांता ब्रांड नाम के तहत अस्पतालों का परिचालन और मैनेजमेंट करने वाली कंपनी ग्लोबल हेल्थ लिमिटेड ने अपने 2,206 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 319-336 रुपये प्रति शेयर का तय किया था। कंपनी की शुरुआती शेयर बिक्री तीन से सात नंवबर के बीच हुई थी। आईपीओ के माध्यम से पांच सौ करोड़ रुपये के नये शेयर जारी किए गए थे। इसके अलावा 5.08 करोड़ शेयरों की बिक्री ऑफर फोर सेल के जरिए की गई थी।