भारतीयों पर चढ़ा क्रिकेट का बुखार, बड़े स्क्रीन वाले टीवी सेट की बिक्री 100 फीसदी बढ़ी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विश्व कप क्रिकेट का बुखार बढ़ने के बीच बड़ी स्क्रीन वाले टीवी सेट की मांग में जोरदार इजाफा हुआ है। भारतीयों पर क्रिकेट का बुखार चढ़ चुका है। बड़ी संख्या में भारतीय दर्शक हाई एंड टीवी की ओर रुख कर रहे हैं। उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों सोनी, सैमसंग, एलजी और पैनासोनिक की बड़े स्क्रीन (55 इंच और अधिक) के टीवी सेट की बिक्री पिछले साल की समान अवधि से 100 फीसदी अधिक रही है।
दिलचस्प बात यह है कि बड़े टीवी सेट की बिक्री सिर्फ महानगरों तक सीमित नहीं है, बल्कि छोटे शहरों मसलन जबलपुर, रायपुर, रांची, कोच्चि और नागपुर में भी बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। कंपनियों को उम्मीद है कि विश्वकप में नॉक आउट मुकाबले शुरू होने के बाद उनकी बिक्री में और इजाफा होगा।
क्रिकेट प्रेमियों को लुभाने के लिए कंपनियां कई तरह की आकर्षक पेशकश करने की तैयारी कर रही हैं। इनमें कैशबैक जैसी पेशकश शामिल है।
4के टीवी सेट की मांग में 100 फीसदी की बढ़ोतरी
इस संदर्भ में सोनी इंडिया ब्राविया के कारोबार प्रमुख सचिन राय ने कहा कि विश्व कप को शुरू हुए करीब दस दिन हो गए हैं। बड़े स्क्रीन विशेषरूप से 55 इंच और 4के टीवी सेट की मांग में 100 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल की समान अवधि की तुलना में इनकी बिक्री दोगुना रही है।
विश्व कप में बड़े स्क्रीन के टीवी की मांग बढ़ी
नहीं सैमसंग इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार राजीव भुटानी ने कहा कि क्रिकेट प्रेमी विश्व कप का बड़े स्क्रीन पर आनंद लेना चाहते हैं। इसलिए वे बड़े स्क्रीन वाले टीवी सेट की खरीद कर रहे हैं। क्यूएलईडी टीवी सहित 55 इंच और बड़े स्क्रीन के टीवी की बिक्री मई महीने में पिछले साल की समान अवधि की तुलना दोगुना रही है। 75 इंच और उससे बड़े टीवी की मांग पांच गुना हो गई है। इससे पता चलता है कि इस विश्व कप में बड़े स्क्रीन के टीवी की मांग बढ़ रही है।
कंपनियों के लिए बड़ा अवसर होता है खेल सीजन
इसके साथ ही पैनासोनिक इंडिया के कारोबार प्रमुख (उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स) नायर ने कहा कि त्योहारी सीजन के बाद खेल सीजन कंपनियों के लिए एक बड़ा अवसर होता है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता टीवी देखने का बेहतर अनुभव चाहते हैं। वे आधुनिक फीचर चाहते हैं। मसलन बड़ा स्क्रीन और आवाज की बेहतर गुणवत्ता। नायर ने कहा कि इस रुख की वजह से हम विश्व कप के दौरान बिक्री में 25 फीसदी बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे हैं। विशेषरूप से 55 इंच और बड़े स्क्रीन के टीवी की मांग आ रही है।
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स को बिक्री में 35 फीसदी वृद्धि की उम्मीद
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रवक्ता ने कहा कि थिनक्यू एआई के साथ स्मार्ट टीवी के जरिये हम बिक्री में 35 फीसदी वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं। हमारी बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है। प्रवक्ता ने कहा कि लोग टीवी देखने का बेहतर अनुभव चाहते हैं। ऐसे में हम क्यूएलईडी और नैनो सेल टीवी की बिक्री में 200 फीसदी वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं।