Biz Updates: भारत, ब्रिटेन अक्टूबर में कर सकते हैं FTA समझौते पर अगले दौर की वार्ता, पढ़ें बिजनेस की अहम खबरें
Biz Updates: पाकिस्तान के आर्थिक मामलों के मंत्रालय के अधिकारियों के हवाले से एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार ने खबर दी है कि एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के अध्यक्ष मासात्सुगु असाकावा ने सोमवार को पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान यह आश्वासन दिया।
विस्तार
एशियाई विकास बैंक ने पाकिस्तान को आश्वासन दिया है कि वह नकदी की कमी से जूझ रहे देश को सालाना 2 अरब अमेरिकी डॉलर का नया ऋण उपलब्ध कराएगा। मंगलवार को मीडिया में आई एक खबर में यह जानकारी दी गई। पाकिस्तान की खराब रेटिंग के कारण सरकार सस्ता ऋण पाने में असमर्थ है।
पाकिस्तान के आर्थिक मामलों के मंत्रालय के अधिकारियों के हवाले से एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार ने खबर दी है कि एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के अध्यक्ष मासात्सुगु असाकावा ने सोमवार को पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान यह आश्वासन दिया।
अधिकारियों ने बताया कि मनीला स्थित ऋणदाता द्वारा 2024 से 2027 तक प्रति वर्ष 2 बिलियन अमरीकी डॉलर दिए जाने की उम्मीद है। साथ ही उन्होंने कहा कि कुल चार साल का पैकेज 8 बिलियन अमरीकी डॉलर का है। 2 बिलियन अमरीकी डॉलर में से, एडीबी अपनी रियायती विंडो के तहत 2 प्रतिशत की निश्चित दर पर लगभग 1 बिलियन अमरीकी डॉलर देगा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ स्टाफ स्तर पर समझौता होने के बावजूद, पाकिस्तान हाल के वर्षों में कर्ज लेने में हताशा दिखाई है। वह ऋण के लिए उच्च ब्याज दरों पर सौदे कर रहा है- ये दरें 7 प्रतिशत से लेकर 11 प्रतिशत तक की हैं। तीन अंतर्राष्ट्रीय क्रेडिट रेटिंग एजेंसियों ने पाकिस्तान को निवेश ग्रेड से नीचे रखा है, जो देश के लिए विदेशी पूंजी बाजारों में प्रवेश की मार्ग में एक बड़ी बाधा है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार कलबुर्गी को 1,685 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश से स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है, जिससे वहां के निवासियों के जीवन स्तर में सुधार आएगा और पिछड़े जिलों में निवेश आकर्षित होगा।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी नगर विकास योजना 2.0 के तहत कलबुर्गी और बल्लारी नगर निगमों में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 200-200 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यहां पुलिस परेड ग्राउंड पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद 'कल्याण कर्नाटक अमृत महोत्सव' और संविधान के अनुच्छेद 371 (जे) के तहत कल्याण कर्नाटक को विशेष दर्जा दिए जाने की 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर अपना संबोधन दिया।
उन्होंने कहा कि यद्यपि भारत को 1947 में स्वतंत्रता प्राप्त हुई, लेकिन हैदराबाद के निजाम के शासन के तहत आने वाले बीदर, कलबुर्गी और रायचूर जिलों को एक वर्ष बाद ही स्वतंत्रता मिली। उन्होंने कहा कि कल्याण कर्नाटक क्षेत्र कई स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, जवाहरलाल नेहरू की "दूरदर्शिता" और सरदार वल्लभभाई पटेल की "शक्ति" के कारण देश में शामिल हुआ।
मुंबई पुलिस ने बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित सेबी कार्यालय के बाहर कथित तौर पर बिना अनुमति के विरोध प्रदर्शन करने के लिए 13 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने बताया कि सोमवार को सेबी की अध्यक्ष माधवी पुरी बुच के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए मुंबई युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित 13 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि बीकेसी पुलिस थाने के एक अधिकारी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस से अनुमति लिए बिना सेबी कार्यालय के बाहर नारे लगाए और तख्तियां दिखाईं। अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। कांग्रेस ने हाल ही में सेबी प्रमुख और उनके पति के खिलाफ कई आरोप लगाए हैं, जिसमें उनसे संबंधित एक कंसल्टेंसी फर्म से जुड़े हितों के टकराव का आरोप लगाया गया है।
माले: मालदीव-चीन एफटीए 1 जनवरी 2025 से होगा प्रभावी
मालदीव ने मंगलवार को घोषणा की कि चीन के साथ एफटीए एक जनवरी, 2025 से प्रभावी होगा और इसके कार्यान्वयन से द्विपक्षीय व्यापार बढ़कर एक अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। मालदीव के आर्थिक विकास और व्यापार मंत्री मोहम्मद सईद ने यहां राष्ट्रपति कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि चीन के साथ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) मालदीव को महत्वपूर्ण लाभ प्रदान करेगा, जिसमें विभिन्न वस्तुओं के निर्यात के लिए बढ़े हुए अवसर और अतिरिक्त सेवाएं प्रदान करना शामिल है।
भारत और ब्रिटेन के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार (एफटीए) समझौते के लिए अगले दौर की बातचीत अक्टूबर में होने की उम्मीद है। इस बातचीत का मकसद लंबित मुद्दों को सुलझाना और वार्ता को अंतिम रूप देना है। मंगलवार को वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने कहा कि ब्रिटेन के अधिकारी अपने नए मंत्रियों को प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के बारे में जानकारी दे रहे हैं। दोनों पक्षों ने सचिव और मंत्री स्तर पर वार्ता की प्रगति का जायजा पहले ही ले लिया है। बर्थवाल ने कहा, ब्रिटेन में जानकारी देने का काम जारी है, वे अपने नए मंत्रियों को जानकारी दे रहे हैं और उसके आधार पर वार्ता शुरू होगी। हमें उम्मीद है कि अक्टूबर में वार्ता फिर से शुरू हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भारत सभी एफटीए पर प्रगति कर रहा है, लेकिन कुछ चीजें ऐसी हैं जो किसी के नियंत्रण में नहीं हैं। प्रस्तावित एफटीए के लिए भारत-ब्रिटेन वार्ता जनवरी 2022 में शुरू हुई थी। दोनों देशों में आम चुनावों के कारण 14वें दौर की वार्ता रुक गई।