भीम ऐप के अबतक 30 लाख डाउनलोड, हुए 5 लाख ट्रांजेक्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डिजिटल ट्रांजेक्शन के प्रोत्साहन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लांच किए गए ऐप ‘भारत इंटरफेस फॉर मनी’ (भीम) को अब तक 30 लाख बार डाउनलोड किया जा चुका है और इससे पांच लाख ट्रांजेक्शन किये जा चुके हैं। भीम ऐप से डिजिटल ट्रांजेक्शन से जुड़े पेटीएम व मोबिक्विक जैसे ऐप को चुनौती मिल रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत 30 दिसंबर को भीम ऐप लांच किया था। इस ऐप की मदद से किसी भी प्रकार के मोबाइल फोन से डिजिटल ट्रांजेक्शन किया जा सकता है। भीम ऐप को नेशनल पेमेंट कारपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) ने विकसित किया है।
इस ऐप को भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स व पंजाब नेशनल बैंक सपोर्ट कर रहे हैं। फिलहाल यह ऐप हिंदी व अंग्रेजी में उपलब्ध है और जल्द ही इसे अन्य भाषा में उपलब्ध कराया जा रहा है।
अन्य डिजिटल पेमेंट ऐप से कैसे अलग है ‘भीम’
विशेषज्ञों के मुताबिक, भीम ऐप की खासियत है कि वह सीधे तौर पर आपके बैंक खाते से जुड़ जाता है, जबकि पेटीएम व मोबिक्विक जैसे ऐप में आप अपने बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर करते हैं।
भीम ऐप के माध्यम से ट्रांजेक्शन विक्रेता और बैंक खाते के बीच होता है, जबकि पेटीएम ऐप आपके बैंक खाते की जानकारी अपने पास रखता है और थर्ड पार्टी बनकर आपका ट्रांजेक्शन करता है। भीम ऐप सरकारी संस्था एनपीसीआई द्वारा संचालित है। एनपीसीआई, रिजर्व बैंक द्वारा नियंत्रित होती है।
पेटीएम एक निजी कंपनी है, जिसे 2015 में रिजर्व बैंक से देश के पहले पेमेंट बैंक का लाइसेंस मिला। भीम ऐप के जरिए भुगतान करने के लिए इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत नहीं है। वहीं निजी ऐप के जरिए भुगतान करने के लिए इंटरनेट कनेक्शन का उपलब्ध होना जरूरी है।