Sensex Closing Bell: निचले स्तरों पर खरीदारी से मजबूत हुआ बाजार; सेंसेक्स 329 अंक चढ़ा, निफ्टी 19100 के पार
Sensex Closing Bell: सोमवार को सेंसेक्स 329.85 (0.51%) अंकों की बढ़त के साथ 64,112.65 जबकि निफ्टी 101.60 (0.53%) अंकों की मजबूती के साथ 19,148.85 के स्तर पर बंद हुआ।
विस्तार
शेयर बाजार में सोमवार को बड़ा उतार-चढ़ाव दिखा। शुरुआती गिरावट के बावजूद प्रमुख इंडेक्स निचले स्तरों से मजबूत होकर हरे निशान पर लौटे और हरे निशान पर ही बंद हुए। सोमवार को सेंसेक्स 329.85 (0.51%) अंकों की बढ़त के साथ 64,112.65 जबकि निफ्टी 93.66 (0.49%) अंकों की मजबूती के साथ 19,140.90 के स्तर पर बंद हुआ।
बाजार को रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयरों में खरीदारी से सपोर्ट मिला। कंपनी के शेयर 2.5% की मजबूती के साथ निफ्टी के टॉप गेनर रहे। सिप्ला के शेयरों में भी 2% का उछाल आया। इससे पहले शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार छह दिनों की गिरावट के बाद हरे निशान पर बंद हुआ था।
सोमवार को बाजार में निचले स्तरों से बैंकिंग और एनर्जी स्टॉक्स में खरीदारी के कारण तेजी आई। दिन में मिड कैप और स्मॉल कैप स्टॉक्स का इंडेक्स गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे लेकिन लेकिन बाजार बंद होने पर पहले इन स्टॉक्स में भी खरीदारी दिखी।
सोमवार को शेयर बाजार के अलग-अलग सेक्टर का हाल
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन बैंकिंग, आईटी, फार्मा, पीएसयू बैंक इंडेक्स, मेटल्स, रियल एस्टेट, एनर्जी, इंफ्रा, कमोडिटी, हेल्थकेयर, ऑयल एंड गैस से जुड़े शेयरों में खरीदारी दिखी वहीं दूसरी ओर कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मीडिया, एफएमसीजी, ऑटो सेक्टर के शेयर टूटकर बंद हुए। सोमवार को शेयर बाजार में कारोबार के दौरान मिड कैप और स्मॉल कैप शेयरों में भी खरीदारी दिखी। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 19 तेजी के साथ और 11 गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, निफ्टी के 50 शेयरों में 27 तेजी के साथ और 23 गिरावट के साथ बंद हुए।
अदाणी ग्रीन एनर्जी का मुनाफा बढ़कर 371 करोड़ रुपये हुआ
अदाणी ग्रीन एनर्जी ने सोमवार को बताया कि दूसरी तिमाही में उसके मुनाफे में दो गुना से अधिक की वृद्धि हुई। उसे ग्राहकों को अच्छी बिजली बिक्री से मदद मिली। देश में बिजली की मांग तेजी से बढ़ रही है, मजबूत आर्थिक विकास से कारखानों और घरों में बिजली की मांग में इजाफा हुआ है।
अदाणी समूह की हरित ऊर्जा इकाई ने कहा कि तिमाही में अदाणी ग्रीन की ऊर्जा बिक्री 87 प्रतिशत बढ़ी, खासकर सौर-पवन हाइब्रिड श्रेणी में बढ़ोतरी दर्ज की गई। 30 सितंबर को समाप्त तिमाही में कंपनी का एकीकृत मुनाफा 371 करोड़ रुपये ($44.6 मिलियन डॉलर) हो गया, यह एक साल पहले 149 करोड़ रुपये था।
8,316 मेगावाट नवीकरणीय ऊर्जा की परिचालन क्षमता वाली अदाणी ग्रीन ने बिजली आपूर्ति से राजस्व में 80 प्रतिशत की वृद्धि हासिल की, जो खर्च में 42 प्रतिशत की वृद्धि से अधिक है। कुल आय में 54 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।