{"_id":"6af694be64baa6f9a100fc0c","slug":"viral-video-elephant-stamps-on-biker-twice-man-miraculously-survives-2026-11-13","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"हाथी ने दो बार सीने और पेट पर रखा पैर, फिर भी जिंदा बच गया बाइक सवार, वीडियो देख कांप उठेंगे","category":{"title":"Bizarre News","title_hn":"हटके खबर","slug":"bizarre-news"}}
हाथी ने दो बार सीने और पेट पर रखा पैर, फिर भी जिंदा बच गया बाइक सवार, वीडियो देख कांप उठेंगे
Fri, 13 Nov 2026 10:40 AM IST
दीक्षा पाठक
फीचर डेस्क, अमर उजाला
फीचर डेस्क, अमर उजाला
Published by: दीक्षा पाठक
Updated Fri, 13 Nov 2026 10:40 AM IST
सार
Viral Video: हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर एक बाइक सवार के साथ ऐसा हादसा हुआ, जिसे देखकर किसी की भी सांसें थम जाएंगी। जंगल से निकले एक विशाल हाथी ने युवक के पेट और सीने पर दो बार पैर रख दिया। इसके बावजूद युवक ने हिम्मत नहीं हारी और बिना हिले जमीन पर पड़ा रहा।
विज्ञापन
हाथी के हटते ही तुरंत खड़ा हो गया युवक
- फोटो : इंस्टाग्राम@ rahuljoes
विस्तार
कहते हैं कि अगर किस्मत अच्छी हो तो मौत भी छूकर निकल जाती है। हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर गुरुवार तड़के कुछ ऐसा ही देखने को मिला। यहां एक बाइक सवार की जिंदगी उस वक्त खतरे में पड़ गई, जब अचानक जंगल से निकलकर एक विशाल हाथी सड़क पर आ गया। युवक सड़क पर गिरा हुआ था और हाथी उसके बिल्कुल पास पहुंच गया। इसके बाद जो हुआ, उसे देखकर वहां मौजूद लोगों की सांसें अटक गईं। हाथी ने युवक के ऊपर दो बार पैर रखा, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि युवक की जान बच गई। तो आइए जानते हैं कि वीडियो में क्या दिखाया गया है।
विज्ञापन
सड़क पर गिरे युवक के ऊपर पहुंच गया हाथी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है। इसमें देखा जा सकता है कि रात के अंधेरे में एक बाइक सड़क किनारे डिवाइडर के पास गिरी हुई है। वहीं, बाइक सवार युवक जमीन पर डिवाइडर से सटकर पड़ा है। इसी दौरान जंगल की तरफ से एक विशाल हाथी वहां पहुंच जाता है।
विज्ञापन
View this post on Instagram
विज्ञापन
दो बार सीने और पेट पर रखा पैर
हाथी युवक के पास आता है और उसके पेट और सीने के ऊपर अपना भारी पैर रख देता है। इतना ही नहीं, वह ऐसा दो बार करता है। यह नजारा देखकर ऐसा लगता है कि अब युवक का बचना मुश्किल है। लेकिन युवक ने उस समय गजब की समझदारी दिखाई। वह हाथी के पैर के नीचे दबे होने के बावजूद बिल्कुल नहीं हिला। वह चुपचाप जमीन पर पड़ा रहा और हाथी के वहां से जाने का इंतजार करता रहा।
हाथी के हटते ही तुरंत खड़ा हो गया युवक
कुछ देर बाद हाथी वहां से जंगल की तरफ मुड़ गया। उसके हटते ही युवक तुरंत उठकर खड़ा हो गया। यह देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। इस दौरान हाईवे से गुजर रही कई गाड़ियां भी रुक गई थीं। लोग अपनी गाड़ियों के अंदर से ही इस पूरी घटना को कैमरे में रिकॉर्ड कर रहे थे। वीडियो में युवक का इस तरह सुरक्षित बच निकलना हर किसी को हैरान कर रहा है।
नेपाली फार्म के पास हुई पूरी घटना
बताया जा रहा है कि यह घटना हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर नेपाली फार्म के पास की है। वीडियो में ऊपर की तरफ मसूरी 61 का बोर्ड दिखाई दे रहा है, जिसकी वजह से कुछ लोग इसे मसूरी रोड की घटना समझ रहे हैं। यह इलाका राजाजी टाइगर रिजर्व के पास पड़ता है। यहां जंगल से हाथियों का सड़क पर आना कोई नई बात नहीं है। इस पूरी घटना को कैब ड्राइवर शिवा शर्मा ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड किया। उन्होंने युवक की किस्मत को लेकर कहा कि इस आदमी ने किस्मत रब से ही लिखवाई थी, वरना हाथी के पैर से कोई जिंदा वापस निकल जाए, ऐसा मुमकिन नहीं था। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे देखकर लोग युवक के बचने को किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।