वायरल वीडियो: रील बनाने के चक्कर में ड्राइवर ने पार की हद, चलती वैन के बाहर खड़े होकर करने लगा डांस
Viral Video: सोशल मीडिया पर एक वैन ड्राइवर का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह पहाड़ी रास्ते पर चलती वैन से बाहर खड़े होकर पंजाबी गाने पर डांस करता नजर आ रहा है। अंदर बैठे यात्री उसकी इस हरकत पर तालियां बजाते दिखे। वीडियो देखकर यूजर्स ने सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए।
विस्तार
सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए लोग आजकल तरह-तरह के तरीके अपनाते हैं। कोई अनोखे अंदाज में वीडियो बनाता है, तो कोई ऐसा काम कर जाता है, जिसे देखकर लोग हैरान रह जाते हैं। कई बार रील बनाने का यह शौक लोगों की जान पर भी भारी पड़ सकता है। इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इसमें एक वैन ड्राइवर चलती गाड़ी से बाहर निकलकर डांस करता नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान वैन चलती रहती है और अंदर बैठे यात्री भी उसकी इस हरकत को देखकर मजे लेते दिखाई देते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक वैन पहाड़ी रास्ते पर आगे बढ़ रही है। आमतौर पर ऐसे रास्तों पर गाड़ी चलाते समय ड्राइवर को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है, लेकिन यहां ड्राइवर का अंदाज ही कुछ अलग नजर आता है। वह अपनी सीट छोड़कर खुले दरवाजे के पास बाहर खड़ा हो जाता है। इसके बाद चलती वैन के साथ-साथ डांस करने लगता है। इस दौरान वह पंजाबी सिंगर जे स्टार के गाने 'ना ना ना ना' पर हाथों से अलग-अलग इशारे करता और डांस मूव्स दिखाता नजर आता है। इतना ही नहीं, वह कैमरे की तरफ देखकर मुस्कुराता और पोज भी देता है।
Reels and viral trends are becoming one of the biggest reasons behind accidents and mishaps in this country. Just look at this 💀 Passengers are sitting inside a moving bus while the DRIVER is outside making a reel! Even more shocking, the passengers don’t seem to give a damn either. And if something goes horribly wrong, guess who’s going to be blamed? The government.
— Nikhil saini (@iNikhilsaini) November 12, 2026
अंदर बैठे यात्री भी लेते रहे मजे
इस वीडियो में सिर्फ ड्राइवर की हरकत ही नहीं, बल्कि यात्रियों का व्यवहार भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। जब ड्राइवर चलती वैन से बाहर खड़े होकर डांस कर रहा होता है, तब अंदर बैठे यात्री उसे देखकर मुस्कुराते और तालियां बजाते नजर आते हैं। ऐसा लगता है कि यात्रियों के लिए यह किसी मनोरंजन से कम नहीं है। हालांकि, वीडियो में कोई भी यात्री ड्राइवर को ऐसा करने से रोकता दिखाई नहीं देता। यही बात लोगों को सबसे ज्यादा हैरान कर रही है।
रील के चक्कर में खतरे में डाली कई जान
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने ड्राइवर की जमकर आलोचना की। कई लोगों का कहना है कि सार्वजनिक वाहन चलाने वाले ड्राइवर की जिम्मेदारी सिर्फ अपनी सुरक्षा तक सीमित नहीं होती, बल्कि उसमें बैठे सभी यात्रियों की जान भी उसके हाथ में होती है। ऐसे में चलते वाहन से बाहर निकलकर डांस करना बेहद गैरजिम्मेदाराना हरकत है। कुछ यूजर्स ने यात्रियों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जब ड्राइवर इस तरह की खतरनाक हरकत कर रहा था, तब यात्रियों को तालियां बजाने के बजाय उसे रोकना चाहिए था।
कुछ सेकंड का मनोरंजन बन सकता है बड़े हादसे की वजह
पहाड़ी रास्तों पर गाड़ी चलाना वैसे भी आसान नहीं होता। यहां अचानक मोड़, ढलान और सड़क की बदलती स्थिति के कारण ड्राइवर को हर समय सतर्क रहना पड़ता है। ऐसे में अपनी सीट छोड़कर बाहर खड़े होना किसी बड़े हादसे की वजह बन सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ लाइक्स और व्यूज पाने के लिए इस तरह का जोखिम उठाना न सिर्फ ड्राइवर, बल्कि वैन में बैठे सभी लोगों की जिंदगी खतरे में डाल सकता है।