Viral Video: पत्रकार के घर पर बम हमला, वफादार कुत्ते ने बचाई फैमिली की जान, वीडियो देख फटी रह गई आंखें
Viral News: दरअसल पेरू के पत्रकार कार्लोस अल्बर्टो मेसियस जारेट इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग करते हैं। उनका कहना है कि उनके काम से जुड़े कारणों की वजह से किसी ने उनके घर पर हमला करने की कोशिश की।
विस्तार
जानवरों की वफादारी की बात होती है तो सबसे पहले नाम कुत्ते का ही आता है। इंसान और कुत्ते के बीच एक खास रिश्ता होता है। कई बार कुत्ते अपनी बहादुरी और समझदारी से यह साबित भी कर देते हैं कि वह सच में इंसान का सबसे सच्चा दोस्त है। सोशल मीडिया पर हाल ही में एक ऐसा ही वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक पालतू कुत्ते ने अपनी जान दांव पर लगाकर अपने मालिक और परिवार को बड़ा हादसा होने से बचा लिया। यह घटना पेरू के शहर हौरल की है और इसमें एक पत्रकार के घर को निशाना बनाया गया था। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई यह घटना
दरअसल पेरू के पत्रकार कार्लोस अल्बर्टो मेसियस जारेट इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग करते हैं। उनका कहना है कि उनके काम से जुड़े कारणों की वजह से किसी ने उनके घर पर हमला करने की कोशिश की। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो न्यूयॉर्क पोस्ट ने बताया कि घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ दिखाई दिया कि एक संदिग्ध व्यक्ति रात के समय उनके घर के दरवाजे की ओर आता है और वहां डायनामाइट की जलती हुई छड़ी अंदर फेंक देता है। यह पल बेहद खतरनाक था क्योंकि विस्फोट होने पर बड़ा हादसा हो सकता था।
This is Manchis. When someone threw a stick of dynamite into the entryway of her home earlier this week, she miraculously extinguished the lit fuse with her teeth before it detonated, preventing a massive tragedy. But she's not a trained bomb-sniffing dog or a K-9 unit with the… pic.twitter.com/VW30A5zlzN
— WeRateDogs (@dog_rates) August 27, 2025
पालतू कुत्ते ने बचाई परिवार वालों की जान
घर के बाहर बैठे मंचिस नाम का पालतू कुत्ता इस पूरे घटनाक्रम का गवाह बना। जैसे ही मंचिस ने संदिग्ध को देखा, वह जोर-जोर से भौंकने लगा। वह लगातार सतर्क था और धमाके की आशंका को भांप चुका था। तभी उसने देखा कि जलती हुई डायनामाइट की छड़ी जमीन पर गिर गई है। इस स्थिति में शायद कोई भी डर जाता, लेकिन मंचिस ने कुछ और ही कर दिखाया। उसने हिम्मत दिखाते हुए उस जलती हुई छड़ी को अपने मुंह में उठा लिया और उसे चबाकर डिफ्यूज कर दिया। यानी विस्फोटक को फटने से पहले ही निष्क्रिय बना दिया।
परिवार ने मांगी पुलिस से सुरक्षा
इस बहादुरी के कारण पत्रकार और उनका परिवार सुरक्षित बच गए। बाद में जारेट ने मीडिया को बताया कि मंचिस ने अपनी जान जोखिम में डालकर यह कदम उठाया और उनकी जिंदगी बचा ली। उन्होंने कहा कि अगर मंचिस यह कदम नहीं उठाता तो घर में बड़ा धमाका हो सकता था। घटना के तुरंत बाद जारेट ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस की एक बम निरोधक टीम उनके घर पहुंची और वहां पड़े विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से हटा लिया गया। जांच शुरू की गई और इस मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। पत्रकार को धमकी देने और हमला करने के आरोपों की जांच अभी जारी है। साथ ही जारेट और उनके परिवार ने आगे की सुरक्षा के लिए पुलिस से सुरक्षा मांग भी की है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कुत्ता सिर्फ इंसान का दोस्त ही नहीं बल्कि सच्चा रक्षक भी होता है। मंचिस की बहादुरी की कहानी अब पूरे इलाके और इंटरनेट पर चर्चा का विषय बनी हुई है।