Bihar News: फोर लेन में अंडरपास का निर्माण रुकने पर ग्रामीणों ने जताया विरोध; पुलिस से हुई झड़प, चार गिरफ्तार
Bihar Police: नालंदा में ग्रामीणों को पुलिस द्वारा दौड़ा-दौड़ा कर पीटने का मामला सामने आया है। इस दौरान दोनों ओर से रोड़ेबाजी भी की गई। इस मामले में चार ग्रामीणों को गिरफ्तार भी किया है। हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीण दहशत में हैं। जानें क्या है पूरा मामला...।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के नालंदा के भागन बीघा ओपी के पिचासा गांव में सोमवार को फोर लेन में अंडरपास का निर्माण न होने को लेकर ग्रामीण विरोध जता रहे थे। इस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा ग्रामीणों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने का मामला सामने आया है। पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीण दहशत में हैं और अपने-अपने घरों में बंद हैं।
पुलिस द्वारा ग्रामीणों को पीटने का वीडियो हुआ वायरल
दरअसल, बख्तियारपुर रजौली फोर लेन का निर्माण कार्य चल रहा है। वहीं, मोरा पिचासा गांव के लोग पिछले छह महीने से फोर लेन में अंडरपास निर्माण की मांग कर रहे हैं। अचानक से निर्माण कार्य एजेंसी सोमवार को पुलिस के साथ मोरा पिचासा गांव के पास पहुंची। फिर सड़क में जो गड्ढे अंडरपास निर्माण के लिए बनाए गए थे, उन्हें भरा जाने लगा। इसके बाद गांव की औरतें इसका विरोध करने पहुंच गईं। तभी वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से झड़प हुई और देखते ही देखते रोड़ेबाजी होने लगी। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
महिलाओं को धक्का देती दिखी पुलिस
वायरल वीडियो के मुताबिक, पुलिसकर्मी लोगों को घरों में बंद करते दिख रहे हैं और दोनों तरफ से पत्थरबाजी हो रही है। वहीं, महिलाओं को भी पुलिस धक्का देते हुए भीड़ को तितर-बितर कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को बुला लिया गया है और गांव में पुलिस कैंप कर रही है। रोड़ेबाजी में आधा दर्जन ग्रामीणों को चोटें लगी हैं। वहीं, पुलिस के द्वारा किए गए पथराव से कुछ घरों के शीशे भी फूट गए हैं।
‘ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव’
रहूई अंचल के सीओ रंजित कुमार ने बताया कि ग्रामीण पिछले छह महीने से अंडरपास निर्माण की मांग कर रहे थे। उसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर एक कमेटी गठित हुई थी। जांच रिपोर्ट में अंडरपास निर्माण को खारिज कर दिया गया। उसके बाद सड़क निर्माण में विलंब हो रहा था। इसके बाद मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई और फ्लाईओवर का निर्माण किया जाने लगा। तभी ग्रामीणों ने विरोध करना शुरू कर दिया। इसके फलस्वरूप पुलिस के द्वारा हल्का बल प्रयोग किया गया। मामला पूरी तरह शांत है।
वहीं, इस मामले में सदर डीएसपी नुरुल हक ने बताया कि पुलिस पर ग्रामीणों के द्वारा पथराव किया गया है। उसके बाद पुलिस ने चार उपद्रवियों को पकड़ा है। पूरे मामले की जांच में पुलिस जुट गई है।