Bihar: 'आसमान में चमकेंगी रोशनी, पर्यावरण रहेगा सुरक्षित', जानें कैसे खास होगी छपरा की विजयादशमी?
छपरा में विजयादशमी के अवसर पर राजेंद्र स्टेडियम में ऐतिहासिक ई-क्रैकर्स शो आयोजित किया जा रहा है। गुजरात की फायर शो क्रैकर्स कंपनी द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में कंप्यूटर कंट्रोल के माध्यम से पटाखों का विस्फोट किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रावणवध आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष वरुण प्रकाश ने बताया कि ई-क्रैकर्स शो के लिए स्टेडियम में एक विशेष कंप्यूटर कंट्रोल रूम तैयार किया गया है। इसके माध्यम से पटाखों को अलग-अलग आवाज़, रंग और आकार में नियंत्रित करते हुए विस्फोट कराया जाएगा। इन क्रैकर्स से पारंपरिक पटाखों की तरह धुआं और प्रदूषण नहीं फैलेंगे, जिससे पर्यावरण और दर्शकों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होगा। यह शो लगभग एक घंटे तक चलेगा और IPL तथा बड़े राष्ट्रीय आयोजनों की तर्ज पर आयोजित किया जाएगा।
वरुण प्रकाश ने यह भी बताया कि नवरात्रि के बाद विजयोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजेंद्र स्टेडियम में 50 फीट ऊंचे रावण और 45 फीट ऊंचे मेघनाद की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। मुख्य कार्यक्रम मंगलवार को शाम 5:00 बजे शुरू होकर लगभग 5:30 बजे रावण वध के साथ समाप्त होगा। इस दौरान आसमान में ई-क्रैकर्स की रंग-बिरंगी रोशनी देखने को मिलेगी।
पढे़ं; ऑपरेशन सिंदूर थीम पर सजा दुर्गा पूजा पंडाल, सेना के शौर्य का दिखा अनोखा नजारा
राजेंद्र स्टेडियम की दर्शक क्षमता लगभग 15 हजार है। इसलिए जिला प्रशासन और आयोजन समिति ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। जिला और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से भीड़ प्रबंधन की विस्तृत योजना बनाई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। IPL या अन्य बड़े आयोजनों में जहां पटाखे और फुलझड़ियां बस आसमान में उड़ती दिखाई देती हैं, वहीं छपरा का यह ई-क्रैकर्स शो परंपरा और आधुनिकता का संगम साबित होगा। यह न केवल दर्शकों के लिए मनोरंजन का साधन होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगा। विजयादशमी की आज शाम छपरा के लिए ऐतिहासिक होने वाली है, जब राजेंद्र स्टेडियम का आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठेगा।