{"_id":"6666de3dbca26b408101ace8","slug":"bihar-crime-criminals-shot-brother-of-infamous-saddam-nat-who-is-lodged-in-jail-in-gopalganj-2024-06-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar Crime: अपराधियों ने जेल में बंद कुख्यात सद्दाम नट के भाई को मारी गोली, गंभीर हालत में गोरखपुर रेफर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar Crime: अपराधियों ने जेल में बंद कुख्यात सद्दाम नट के भाई को मारी गोली, गंभीर हालत में गोरखपुर रेफर
Mon, 10 Jun 2024 04:36 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोपालगंज
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोपालगंज
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Mon, 10 Jun 2024 04:36 PM IST
सार
Gopalganj Crime: गोपालगंज में बेखौफ अपराधियों ने जेल में बंद कुख्यात सद्दाम नट के भाई को गोली मार दी। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे गोरखपुर रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विज्ञापन
घायल युवक को लेकर अस्पताल पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के गोपालगंज के बेखौफ अपराधियों ने गोपालगंज जेल में बंद कुख्यात सद्दाम नट के भाई को गोली मार दी। गोलीबारी की घटना में सद्दाम नट का भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना रविवार की देर रात जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सबेया हवाई अड्डा के पास की है।
विज्ञापन
घायल युवक की पहचान आमिर नट के रूप में हुई है, जो मुशहर टोली मीरगंज के निवासी सरफुद्दीन नट का बेटा है और कुख्यात सद्दाम नट का भाई है। घटना के बाद पुलिस की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
विज्ञापन
पुरानी रंजिश में हमला किए जाने की बात आई सामने
जानकारी की मुताबिक, सदर अस्पताल गोपालगंज के डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. राकेश कुमार ने जख्मी युवक के पैर में गोली लगने की वजह से हालत गंभीर बताते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। वहीं, घटना की सूचना मिलने पर जांच के लिए पहुंची डीएसपी अवंतिका दिलीप कुमार ने कहा कि पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया है। घायल युवक ने गोली मारने में हमलावर का नाम बेताल पांडेय बताया है। पुलिस मामले की जांच कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
विज्ञापन
आमिर नट को मरा समझ भाग निकले अपराधी
बताया जा रहा है कि रविवार की रात आमिर नट बाइक से अपने घर जा रहा था। रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली आमिर नट के पैर में लगी और वह गिरकर बेहोश हो गया। अपराधियों ने आमिर को मृत समझ कर छोड़ दिया और लोगों को आते देख भाग निकले।
गौरतलब है कि सबेया हवाई अड्डा भोरे मीरगंज मुख्य मार्ग पर स्थित है। इस रास्ते पर 24 घंटे लोग आते जाते रहते हैं। उसके बाद भी गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया, यह पुलिस के लिए चिंता का विषय है। जबकि सबेया में ही पुलिस की एक टीम 24 घंटे निगरानी में रहती है। अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद भागने के दौरान एक अपराधी की बाइक मौके पर ही छूट गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। घटनास्थल पर हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता के साथ मीरगंज थानाध्यक्ष किशोरी प्रसाद, फुलवरिया थानाध्यक्ष शाहनवाज हुसैन और उचकागांव थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर समेत कई थानों की पुलिस ने पहुंच कर जांच की है।