Bihar: मंझगाय विद्यालय में घुसा बारिश का पानी; दुर्घटना की आशंका को लेकर बच्चे सड़क पर पढ़ाई करने को हुए मजबूर
Bihar News: बांका में तीन दिन लगातार हो रही बारिश के चलते मंझगाय प्राथमिक विद्यालय जलमग्न हो गया है। इस वजह से विद्यालय के बच्चे सड़क पर पढ़ाई करते नजर आए। बताया जा रहा है कि इस स्कूल में अक्सर यह अप्रिय नजारा देखने को मिलता है। मुख्य सड़क से निचले और जर्जर विद्यालय भवन की दशा सुधारने के लिए तमाम शिकायतें की गईं। लेकिन अधिकारियों की कान पर जूं तक नहीं रेंगी। पढ़ें पूरी रिपोर्ट...।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार सरकार शिक्षा में सुधार को लेकर लाख दावा कर रही है। लेकिन आज भी सुदूर इलाकों में स्थित विद्यालयों की दयनीय स्थिति कुछ अलग कहानी ही बयान कर रही है। ताजा मामला बांका जिला के अमरपुर प्रखंड के विशनपुर पंचायत के मंझगाय गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय का है। विगत तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने विद्यालय में व्यवस्था की सारी पोल खोल दी। यहां विद्यालय परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया। बारिश का पानी विद्यालय परिसर और कक्षाओं में भर जाने की वजह से विद्यार्थी सड़क पर खुले आसमान के नीचे बैठकर पढ़ने को मजबूर हो गए हैं।
मौके पर पंचायत के वार्ड सदस्य मनोज कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय की स्थापना ग्रामीणों के सहयोग से सन् 1950 ई. में की गई थी। विद्यालय की छत पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। विद्यालय में आए दिन छत का मलबा गिर जाता है। ऐसी स्थिति में विद्यालय के शिक्षक अपनी जान हथेली पर रखकर विद्यार्थियों को पढ़ाने पर मजबूर हो रहे हैं।
‘विद्यालय की मरम्मत की दिशा में आज तक कोई कार्य नहीं हुआ’
विद्यालय के प्राधानाध्यापक मनोज कुमार पासवान ने बताया कि विद्यालय में कुल 70 बच्चे नामांकित हैं। उन्हें पढ़ाने के लिए विद्यालय में वरीय सहायक शिक्षक मनोज पासवान और सहायक शिक्षक संजीत कुमार पदस्थापित हैं। सन् 2016 से कई बार वरीय अधिकारियों को पत्राचार कर विद्यालय की जर्जर स्थिति से अवगत कराते हुए विद्यालय की अविलंब मरम्मत करवाने की मांग की है। लेकिन आज तक विद्यालय की मरम्मत की दिशा में कोई कार्य नहीं किया गया है। मुख्य सड़क से नीचा होने की वजह से हल्की सी बारिश में पूरा विद्यालय परिसर जलमग्न हो जाता है। इस कारण विद्यार्थियों को शिक्षा ग्रहण करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ जाता है।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि अगर जल्द ही विद्यालय की मरम्मत नहीं की गई तो आने वाले समय में बड़ी दुर्घटना के घटने से इनकार नहीं किया जा सकता है। ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से अविलंब जांच-पड़ताल कर विद्यालय की मरम्मत कराने की मांग की है।
‘विद्यालय की मरम्मत कराने की मांग की जाएगी’
मामले को लेकर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शिवनारायण ठाकुर ने बताया कि विद्यालय की जर्जर स्थिति और बारिश का पानी भरने की सूचना प्राधानाध्यापक मनोज पासवान ने दी है। फिलवक्त प्राधानाध्यापक को गांव में पड़ी खाली जगहों पर बच्चों को पढ़ाने का निर्देश दिया गया है। जर्जर भवन के संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए अविलंब विद्यालय की मरम्मत कराने की मांग की जाएगी।