Bihar: जंतर-मंतर में हुए लाठीचार्ज के खिलाफ मधुबनी में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी
जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में मधुबनी में मिथिला स्टूडेंट यूनियन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका। संगठन ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, NEET समेत परीक्षा अनियमितताओं की जांच और मिथिला की शिक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मिथिला स्टूडेंट यूनियन (MSU) के नेतृत्व में बुधवार को मधुबनी रेलवे स्टेशन के समीप केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और छात्र हितों के खिलाफ बताया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए संगठन के नेताओं ने कहा कि छात्र अपने भविष्य और अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान के बजाय उन पर बल प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों की आवाज सुनी जानी चाहिए।
संगठन ने आरोप लगाया कि NEET पेपर लीक, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं, परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है। उनका कहना था कि लाखों छात्र वर्षों की मेहनत के बावजूद निष्पक्ष व्यवस्था की उम्मीद कर रहे हैं।
पढ़ें: दिल्ली की तरह पटना में उग्र प्रदर्शन, छात्रों ने पुलिस-मीडिया पर चलाए रोड़े; CM आवास के पास लाठीचार्ज
मिथिला स्टूडेंट यूनियन ने मिथिला की शिक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताते हुए कहा कि क्षेत्र के सरकारी विद्यालय, महाविद्यालय और विश्वविद्यालय लंबे समय से उपेक्षा का सामना कर रहे हैं। संगठन के अनुसार शिक्षकों की कमी, जर्जर आधारभूत ढांचा, प्रयोगशालाओं और पुस्तकालयों का अभाव, नियमित शैक्षणिक सत्रों में बाधा तथा रोजगारोन्मुख शिक्षा की कमी से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
संगठन ने मांग की कि जंतर-मंतर लाठीचार्ज मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए, परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाया जाए, NEET पेपर लीक समेत सभी परीक्षा अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा मिथिला की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष पैकेज और ठोस कार्ययोजना लागू की जाए।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो मिथिला स्टूडेंट यूनियन पूरे मिथिला क्षेत्र में चरणबद्ध आंदोलन करेगा। इस अवसर पर मयंक विश्वास, शशि अजय झा, विजय श्री टुन्ना, राजन, चंद्रवीर ठाकुर, अरविंद, दीपक, रौशन सहित संगठन के कई कार्यकर्ता और छात्र-युवा मौजूद रहे।