{"_id":"6ac4fdcf07f48f3e1802da3b","slug":"commotion-and-block-road-after-two-students-injured-in-road-accident-rohtas-bihar-news-patna-news-c-1-1-noi1396-4803746-2026-10-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"बिहार: साइकिल से स्कूल जा रहे दो छात्रों को ट्रक ने कुचला, हालत गंभीर; ग्रामीणों ने किया सड़क जाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिहार: साइकिल से स्कूल जा रहे दो छात्रों को ट्रक ने कुचला, हालत गंभीर; ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
Tue, 06 Oct 2026 09:26 PM IST
पटना ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रोहतास
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रोहतास
Published by: पटना ब्यूरो
Updated Tue, 06 Oct 2026 09:26 PM IST
सार
रोहतास के दरिहट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार दो स्कूली छात्र घायल हो गए। एक छात्र को वाराणसी रेफर किया गया। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने चालक की पिटाई कर चार घंटे सड़क जाम रखा।
विज्ञापन
हंगामा करते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रोहतास जिले के डेहरी-नासरीगंज पथ पर मंगलवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल से स्कूल जा रहे दो छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना दरिहट थाना क्षेत्र में दरिहट हाईस्कूल के समीप की है।
विज्ञापन
साइकिल से स्कूल जा रहे थे दोनों छात्र
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र साइकिल से स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में 13 वर्षीय लवकुश कुमार और 12 वर्षीय आयुष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों अशोक कुमार जैन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आठवीं कक्षा के छात्र हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों छात्रों को इलाज के लिए डेहरी स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। बताया गया कि लवकुश का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जबकि आयुष की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन
ट्रक चालक की पिटाई, पुलिस वाहन को घेरा
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक को रोककर चालक की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चालक को छुड़ाकर थाने ले जाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने पुलिस वाहन और ट्रक को घेर लिया तथा वरीय अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग की।
विज्ञापन
चार घंटे तक सड़क जाम
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने डेहरी-नासरीगंज मुख्य मार्ग को करीब चार घंटे तक जाम रखा। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने ग्रामीणों को सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने और वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने का आश्वासन दिया। इसके बाद यातायात बहाल हुआ। थानाध्यक्ष राकेश गोसाई ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है।