मोदी को अब उनके पुराने वादे पर घेरने में जुटे नीतीश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार विधानसभा चुनावों के दौरान बिहार के विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा स्पेशल पैकेज की घोषणा पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अब उन्हें घेरने की तैयारी कर ली है। चुनावों में जीत के बाद नीतीश ने मोदी के सामने जल्द से जल्द अपने वादे को पूरा करने की मांग कर डाली है।
वहीं अभी तक मोदी के पैकेज को रीपैकेजिंग बताकर उसकी आलोचना करने वाले नीतीश ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री की तारीफ भी की। वित्त मंत्री अरुण जेटली की बेटी की शादी के रिशेप्सन में शामिल होने के लिए मंगलवार रात दिल्ली पहुंचे नीतीश इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कर सकते हैं।
वहीं प्रधानमंत्री के स्पेशल पैकेज के तहत होने वाले विकास कार्यों और परियोजनाओं पर निगाह रखने के लिए विधानसभा में समिति बनाने की मांग भी कर डाली।
नीतीश ने विधानसभा में अध्यक्ष विजय चौधरी से अपनी अध्यक्षता में सदन के दोनों सदनों की संयुक्त समिति का गठन करने का अनुरोध भी किया जो पैकेज के तहत चलने वाली योजनाओं के क्रियान्वयन पर निगाह रख सके। हालांकि नीतीश के इस फैसले पर विपक्षी भाजपा ने पुरजोर विरोध जताया। नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार ने इसको लेकर सदन से वॉकआउट भी किया।
बिहार चुनावों के दौरान प्रधानमंत्री ने की थी घोषणा
बता दें कि विधानसभा चुनावों के दौरान प्रधानंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के विकास के लिए एक लाख 25 हजार करोड़ के स्पेशल पैकेज की घोषणा की थी। इसके अलावा 40 हजार करोड़ की पुरानी योजनाओं को दोबारा लागू करने का वादा किया था।
प्रधानमंत्री के 1.65 लाख करोड़ के इस पैकेज की उस समय नीतीश कुमार ने खूब खिल्ली उड़ाई थी। उन्होंने इसे पुरानी योजनाओं की रीपैकेजिंग बताते हुए प्रधानमंत्री पर लोगों का पागल बनाने का आरोप भी लगाया था।
हालांकि वो अलग बात है कि बिहार चुनावों में प्रधानमंत्री मोदी का यह बड़ा दांव भी उन्हें जीत नहीं दिला सका और उनकी पार्टी और गठबंधन को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। वहीं चुनाव जीतने के बाद नीतीश ने प्रधानमंत्री के इस वादे को लपकने की तैयारी कर ली है।
उनका प्रयास है कि केन्द्र सरकार इसमें किसी भी तरह से अपना हाथ न खींच पाए। क्योंकि यही तो वह घोषणा थी जिसके लिए नीतीश कुमार सालों से केन्द्र से लड़ाई लड़ते रहे हैं, ऐसे में वो इतनी आसानी से इतने बड़े पैकेज को हाथ से नहीं जाने देना चाहेंगे।