बिहार: मुजफ्फरपुर की फैक्टरी में वेल्डिंग के दौरान ब्लास्ट, मजदूर बुरी तरह झुलसा; प्लग लगाते दौरान घटी घटना
धर्मेंद्र फैक्टरी में काम करने के दौरान बुरी तरह झुलस गया है। वो वह फैक्टरी में वेल्डिंग स्ट्रक्चर के फैब्रिकेशन का काम करता है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के जसौली के पास एक फैक्टरी में काम करने के दौरान एक मजदूर बुरी तरह झुलस गया। घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई गई है। बिजली के तार जोड़ने के दौरान वेल्डिंग करते समय स्पार्क हुआ, जिसके बाद ब्लास्ट हो गया। इस घटना में मजदूर बुरी तरह झुलस गया। घटना के दौरान मौके पर अफरातफरी मच गई। घायल मजदूर को आनन-फानन में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल मजदूर की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बालमी पचरुखी गांव निवासी धर्मेंद्र साहनी (करीब 35 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद फैक्ट्री के लोग मौके पर पहुंचे और आगे की कार्रवाई में जुट गए।
पढे़ं: परिवार के सात बच्चे चले गए, अब क्या मांगें?: नाव हादसे में अपनों को खोने वाले पिता का छलका दर्द, बिलखते रहे
घटना को लेकर घायल मजदूर ने बताया कि वह फैक्टरी में वेल्डिंग स्ट्रक्चर के फैब्रिकेशन का काम करता है। फैक्ट्री बंद थी और पिछले छह दिनों से काम शुरू हुआ था। बुधवार को दो लोग काम कर रहे थे। वेल्डिंग के लिए जैसे ही पावर प्लग में तार लगाया, अचानक तेज ब्लास्ट हो गया, जिससे वह बेहोश हो गया। इस दौरान पास में काम कर रहे लोग उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले आए, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घायल मजदूर ने बताया कि उसने पांच दिन पहले ही यहां वेल्डिंग का काम शुरू किया था और आज यह बड़ी घटना हो गई। ब्लास्ट के झटके से उसके चेहरे, हाथ और शरीर के अन्य हिस्से बुरी तरह झुलस गए हैं। वहीं, इस घटना के बाद फैक्टरी में मजदूरों की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों पर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं।