फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Muzaffarpur News ›   Bihar Board Inter Exam: Strict preparations to prevent cheating at examination centers in Buxar and Vaishali

Bihar Board Inter Exam: परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने की कड़ी तैयारी; ये काम करने पर नहीं दे सकेंगे परीक्षा

Fri, 31 Jan 2025 09:38 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली/बक्सर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली/बक्सर Published by: हिमांशु प्रियदर्शी Updated Fri, 31 Jan 2025 09:38 PM IST
सार

Bihar Board Inter Exam: वैशाली जिले में कुल 69 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा के दौरान दो स्तरीय सीसीटीवी निगरानी और वीडियोग्राफी की जाएगी। वहीं, बक्सर जिले में 30 परीक्षा केंद्रों पर 22,499 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिसके लिए 61 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

विज्ञापन
Bihar Board Inter Exam: Strict preparations to prevent cheating at examination centers in Buxar and Vaishali
बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए सख्त निर्देश जारी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षाएं एक फरवरी 2025 से प्रारंभ हो रही हैं। परीक्षा को स्वच्छ, शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त इंतजाम किए हैं। वैशाली जिले में कुल 69 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें हाजीपुर अनुमंडल में 51, महुआ में 14 और महनार अनुमंडल में चार केंद्र शामिल हैं। परीक्षा के दौरान दो स्तरीय सीसीटीवी निगरानी और वीडियोग्राफी की जाएगी। वहीं, बक्सर जिले में 30 परीक्षा केंद्रों पर 22,499 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिसके लिए 61 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

विज्ञापन

 
सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से होगी निगरानी
हाजीपुर के राज्य संपोषित बालिका उच्च विद्यालय सहित सभी परीक्षा केंद्रों पर दो स्तरीय सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है। एक स्तर पर सरकारी कैमरे और दूसरे स्तर पर स्कूल प्रशासन के कैमरे लगाए गए हैं। परीक्षा कक्षों में भी वीडियोग्राफी की जाएगी ताकि कोई अनुचित गतिविधि न हो सके। इसी तरह, बक्सर में भी सभी परीक्षा केंद्रों को कड़ी निगरानी में रखा जाएगा।
विज्ञापन

 
परीक्षार्थियों की सुरक्षा और जांच व्यवस्था
परीक्षार्थियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए महिला और पुरुष मजिस्ट्रेट की अलग-अलग तैनाती की गई है। छात्राओं की जांच महिला मजिस्ट्रेट और छात्रों की जांच पुरुष मजिस्ट्रेट करेंगे। परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए गेट पर तीन स्तरीय जांच की जाएगी। वैशाली के जिला पदाधिकारी यशपाल मीणा और पुलिस अधीक्षक ललित मोहन शर्मा ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन



 
जूता-मोजा पहनकर आने पर लगी रोक
बक्सर जिले में परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में जूता-मोजा पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी। अगर कोई परीक्षार्थी इसका उल्लंघन करता है, तो उसे परीक्षा देने से वंचित किया जा सकता है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।
 
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण रहेंगे प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, पेजर, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, स्मार्ट वॉच, इरेजर और मैग्नेटिक वॉच ले जाना पूरी तरह से वर्जित रहेगा। परीक्षा केंद्र परिसर में परीक्षा अवधि के दौरान मीडिया कर्मियों के प्रवेश पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
 
शिक्षक और कर्मियों को रखना होगा परिचय पत्र
केंद्राधीक्षक सभी शिक्षकों और कर्मियों को परीक्षा से पूर्व परिचय पत्र जारी करेंगे। परीक्षा अवधि में सभी शिक्षकों और कर्मियों को यह परिचय पत्र अपने साथ रखना अनिवार्य होगा। निरीक्षण के दौरान परिचय पत्र न होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
 
प्रत्येक 25 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक
परीक्षा कक्ष में अधिकतम दो परीक्षार्थी प्रति बेंच बैठेंगे। प्रत्येक 25 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक की तैनाती की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा हॉल में न्यूनतम दो वीक्षक मौजूद रहेंगे। अगर किसी केंद्र पर बेंच-डेस्क की कमी होगी, तो संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा अन्य विद्यालयों से इसकी समुचित व्यवस्था की जाएगी।


 
बनाया गया जिला नियंत्रण कक्ष
बक्सर जिले में परीक्षा की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा शाखा में कार्यरत रहेगा। परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, शौचालय और रोशनी जैसी बुनियादी सुविधाओं की जांच के लिए केंद्राधीक्षकों से प्रमाण पत्र प्राप्त किया जाएगा।
 
मुख्य गेट परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले होगा बंद
वैशाली और बक्सर दोनों जिलों में परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले बंद कर दिया जाएगा। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से होगी, जिसके लिए परीक्षार्थियों को सुबह 8:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से होगी और परीक्षार्थियों को दोपहर 1:00 बजे तक प्रवेश करना अनिवार्य होगा। देरी से पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
 
देर से आने वालों पर होगी कार्रवाई
अगर कोई परीक्षार्थी तय समय के बाद परीक्षा केंद्र पहुंचता है, तो उसे परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अगर कोई केंद्राधीक्षक देर से आए परीक्षार्थी को परीक्षा में शामिल करता है, तो उसके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। वहीं, अगर कोई परीक्षार्थी जबरन परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने का प्रयास करता है, तो बिहार बोर्ड के निर्देशानुसार उसे दो साल के लिए परीक्षा से निष्कासित किया जा सकता है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा सकती है।
 
परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में विशेष निगरानी
बक्सर में अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के अंतर्गत विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा अवधि में फोटो स्टेट दुकानों और साइबर कैफे पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि को रोका जा सके।

 
सख्त प्रशासनिक पहरे में होगी परीक्षा
बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचार मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने मिलकर सख्त रणनीति बनाई है। वैशाली और बक्सर दोनों जिलों में जोनल और सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed