{"_id":"6634fb450d4b08c6ed043872","slug":"ls-polls-2024-munger-lok-sabha-rjd-candidate-kumari-anita-leaders-against-ashok-mahato-on-social-justice-2024-05-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lok Sabha Polls 2024: मुंगेर से राजद प्रत्याशी पति अशोक महतो के खिलाफ हुए नेता, खुलकर कहा- इनको अपना वोट न दें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lok Sabha Polls 2024: मुंगेर से राजद प्रत्याशी पति अशोक महतो के खिलाफ हुए नेता, खुलकर कहा- इनको अपना वोट न दें
Fri, 03 May 2024 08:27 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंगेर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंगेर
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Fri, 03 May 2024 08:27 PM IST
सार
LS Polls 2024: मुंगेर से राजद प्रत्याशी कुमारी अनीता के पति अशोक महतो के खिलाफ नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने अशोक महतो के सामाजिक न्याय का मसीहा होने के दावे पर सवाल उठाएं हैं और जनता से उन्हें वोट न देने की अपील की है। पढ़ें पूरी खबर...।
विज्ञापन
प्रेस वार्ता के दौरान नेता और सामाजिक कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के मुंगेर में शुक्रवार को वारिसलीगंज क्षेत्र के कई समाजसेवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने व्यवहार न्यायालय के उत्तर में स्थित कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अपराध जगत का बहुचर्चित चेहरा अशोक महतो के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व जिला पार्षद मथुरा यादव, नवादा एमएलसी अशोक यादव, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र यादव, रामदेव यादव, दशरथ यादव और राहुल कुमार आदि ने संयुक्त रूप से पत्रकारों को बताया कि मुंगेर में खुद को सामाजिक न्याय का मसीहा कहने वाले अशोक महतो ने वास्तव में कभी भी सामाजिक न्याय की लड़ाई नहीं लड़ी है। बल्कि उन्होंने दलितों, पिछड़ों, और अतिपिछड़ों का शोषण-दोहन कर अपना वर्चस्व बनाए रखने की लड़ाई लड़ी है।
विज्ञापन
उन्होंने आरोप लगाया कि जब वारिसलीगंज इलाका हिंसा की आग में जल रहा था तो अशोक महतो का पूरा कुनबा मूकदर्शक बना हुआ था। उनके स्वजातीय गांवों में हुई हिंसा के बाद भी वह किसी पीड़ित के आंसू पोंछने तक नहीं गए। अपनी दूषित राजनीतिक महत्वाकांक्षा को पूरा करने के लिए ही उन्होंने इस उम्र में शादी की और पत्नी को मुंगेर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़वा रहे हैं। दुर्भाग्य से उन्हें राजद का टिकट भी मिल गया है, जिसके कारण सामाजिक न्याय के समर्थक उहापोह की स्थिति में हैं।
विज्ञापन
पूर्व जिला पार्षद मथुरा यादव ने सनसनीखेज खुलासे कर कहा कि वारिसलीगंज में जब सामंतों द्वारा खून-खराबा हो रहा था तो अशोक महतो पता नहीं किस बिल में घुस गए थे। आधा दर्जन से अधिक गांवों में नरसंहार हुए, जिसमें अधिकतर उन्हीं के स्वजातीय रहे हैं। उसके बावजूद किसी भी परिवार का आंसू पोंछने तक नहीं गए। फिर वह किस बात के लिए खुद को सामाजिक न्याय का मसीहा कहते हैं। उन्होंने कहा कि सोगरा स्टेट के 72 बिगहा जमीन से दलितों-महादलितों को बेदखल करने के लिए बड़ी शाजिश रची गई थी, जिसमें एक महादलित की हत्या भी हुई थी।
विज्ञापन
उन्होंने आरोप लगाया कि अपने वर्चस्व और वसूली के लिए दलितों और पीड़ितों यहां तक कि स्वजातीय बंधुओं को भी नहीं छोड़ा। खासकर जो लोग उनके साथ रहे, उन्हें ही खत्म करने की योजना बना डाली और इसे जातीय रंग देने का प्रयास किया। लालो सिंह, रंजीत सिंह और सुजीत सिंह इत्यादि इसका उदाहरण हैं। जो लीलाबिगहा, भुआलचक, राजेबीघा, गोड़ापर और दरियापुर इत्यादि नरसंहार के पीड़ितों के आंसू पोंछने तक नहीं गया हो, उसे सामाजिक न्याय से जोड़ना भी दुर्भाग्यपूर्ण होगा।
एमएलसी अशोक यादव ने कहा कि मुंगेर लोकसभा से अशोक महतो की पत्नी कुमारी अनिता चुनाव लड़ रही हैं। अशोक महतो जो अपने आप को अति पिछड़ा और दलितों के मसीहा के रूप में बता कर घूम रहे हैं और कहते हैं कि वह अतिपिछड़ों और गरीबों के मसीहा हैं, असल में ये ढोंगी लोग हैं। ये अतिपिछड़ा वर्ग और दलितों के सबसे बड़े दुश्मन हैं जो अतिपिछड़ा समाज और दलितों के जमीन कब्जा करने वाले लोग हैं और तथाकथित गरीबों के मसीहा बनकर मुंगेर लोकसभा घूम रहे हैं। मैं मुंगेर की जनता से अपील करता हूं कि ऐसे तथाकथित मसीहा जो अतिपिछड़े और दलितों की जमीन पर कब्जा करने वाले हैं, हत्या के जुर्म में जेल में रहे तो ये गरीबों के मसीहा कैसे हो सकते हैं। इन्हें अपना वोट न दें और इनके झांसे में न आएं।
वहीं, सुरेंद्र यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि मणिपुर नरसंहार जिसमें अतिपिछड़ा चौरसिया समाज के लोग मारे गए थे। इसी कथित सामाजिक न्याय के मसीहा की करतूत थी। इसी प्रकार अरयरी के दलित बीडीओकी हत्या रंगदारी के लिए कर दी गई। स्वजातीय मिथलेश महतो की हत्या के जिम्मेदार भी यही लोग थे जो आज सामाजिक न्याय के नाम पर जनता को ठगने निकले हैं। वारिसलीगंज हिंसा को झेलने वाले ग्रामीणों ने मुंगेर की जनता को सचेत करते हुए संदेश दिया है कि राष्ट्रीय जनता दल का शीर्ष नेतृत्व भले ही दिग्भ्रमित हो गया हो, किंतु आप लोगों को दिग्भ्रमित नहीं होना है और ऐसे लोगों को सबक सिखाना है। उन्होंने कहा कि नवादा की जनता ने चाचा-भतीजा समेत इनके गिरोह के लोगों को नकार दिया है, इसलिए मुंगेर की जनता भी इनको नकार देगी। प्रेस वार्ता में एमएलसी अशोक यादव, वरिष्ठ नेता अनिल प्रसाद सिंह, संजय यादव, शशिभूषण शर्मा, नंदकिशोर बाजपेयी और सुरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।