Crime: खगड़िया में दो लोगों की गोली मारकर हत्या, कई अन्य लोग हुए घायल; पड़ोसियों से चल रहा था भूमि विवाद
Khagaria News: खगड़िया में अलग-अलग थानाक्षेत्रों में दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों हत्याएं भू विवाद को लेकर की गई हैं। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
खगड़िया जिले के दो अलग-अलग थानाक्षेत्रों में दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। दोनों घटनाएं गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। उसके बाद खगड़िया पुलिस ने मामलों की जांच शुरु करते हुए आरोपियों की धर-पकड़ के लिए छापामारी शुरु कर दी है। मृतकों की पहचान खगड़िया जिले के पौरा थाना क्षेत्र स्थित लक्षमिनियां गांव निवासी आनंदी सिंह के बेटे मन्ना सिंह और गंगौर थानाक्षेत्र स्थित महुआ टोला गंगिया निवासी दिवंगत मोती यादव के बेटे अनु यादव (70) के रुप में की गई है। दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सौंप दिया है।
पंचायत भवन में सोने के बाद बुजुर्ग को मारी गई गोली
गंगौर थाना प्रभारी लाल बिहारी ने बताया कि गुरुवार रात को महुआ टोला पंचायत भवन में सो रहे बुजुर्ग अनु यादव की गोली मारकर हत्या की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि यह घटना आपसी रंजिश और भूमि विवाद के कारण की गई है। उन्होंने बताया कि परिजनों से इस संबंध में लिखित आवेदन की मांग की गई है। आवेदन मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर घटना में शामिल लोगों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। बताया जा रहा है कि अनु यादव का उसके ही पड़ोसी रिश्तेदारों से जमीन विवाद काफी समय से चल रहा था।
भूमि विवाद के कारण पहले की मारपीट, फिर मारी गोली
वहीं, दूसरी घटना को लेकर बताया जा रहा है कि पौरा थाना क्षेत्र के लक्षमिनियां गांव में बीते गुरुवार को दो पक्षों के बीच भूमि विवाद के कारण मारपीट की घटना हुई थी। बताया जा रहा है कि इस मारपीट की घटना के ही दौरान एक पक्ष की तरफ से गोली चलाई गई, जिसके कारण एक अधेड़ मन्ना सिंह की मौत गोली लगने के कारण हो गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में दोनों पक्षों से करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। पौरा थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के संबंध में आवेदन मिला है। प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जाएगी।