बिहार: बेगूसराय में घर के दरवाजे पर खेल रहे 2 साल के आर्यन को वाहन ने कुचला, मौत; एक घंटे तक हाईवे जाम
बेगूसराय के आकोपुर में सोमवार शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने घर के पास खेल रहे दो वर्षीय आर्यन कुमार को कुचल दिया। उसकी मौत के बाद ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे-55 पर एक घंटे जाम लगाया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
विस्तार
बिहार के बेगूसराय जिले में सोमवार शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो साल के मासूम आर्यन कुमार की मौत हो गई। हादसा चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के आकोपुर में स्टेट हाईवे-55 पर हुआ। बच्चा अपने घर के दरवाजे के पास खेल रहा था, तभी बेगूसराय की ओर से आ रहे वाहन ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे बेगूसराय-रोसड़ा मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
घर के दरवाजे के पास खेल रहा था मासूम
मृतक आर्यन कुमार गोपालपुर पंचायत के आकोपुर वार्ड संख्या-01 निवासी दीनानाथ महतो का इकलौता बेटा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार देर शाम वह अपने घर के दरवाजे के पास सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान बेगूसराय की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बच्चे की मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक आर्यन की मौत हो चुकी थी। मासूम की मौत से परिवार में मातम छा गया।
पढ़ें: टना में एक बैरिकेड तोड़ आगे बढ़े AISA-RYA के प्रदर्शनकारी; डाकबंगला चौराहे की ओर आवाजाही प्रभावित
ग्रामीणों ने एक घंटे तक जाम रखा हाईवे
घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने स्टेट हाईवे-55 को जाम कर दिया। इससे बेगूसराय-रोसड़ा मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। ग्रामीणों ने आकोपुर बाजार के पास वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए प्रभावी इंतजाम करने की मांग की। उन्होंने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने की मांग उठाई।
पुलिस ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलने पर मंझौल थाना के एसआई सज्जाद अली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और टायर के निशान समेत अन्य साक्ष्य जुटाए। गोपालपुर पंचायत के मुखिया आलोक ललन भारती भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। करीब एक घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर राजी हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। जाम हटने के बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो गया।
फरार वाहन और चालक की तलाश में पुलिस
पुलिस अब हादसे में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी की जा रही है, ताकि फरार वाहन का पता लगाया जा सके। आकोपुर में हुए इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि आकोपुर बाजार के पास स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। दो साल के आर्यन की मौत से परिवार ने अपना इकलौता बेटा खो दिया। अब ग्रामीण फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने और क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।