Bihar: शिक्षक पर शराब पीकर विद्यार्थियों से मारपीट करने का आरोप, नाराज अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर किया हंगामा
Begusarai News: छात्राओं का आरोप है कि शिक्षक संजय कुमार द्वारा उनके सिर पर भी हमला किया गया, जिससे कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए। जब विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों से इसकी शिकायत की तो वे आक्रोशित हो गए और विद्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बेगूसराय में एक शिक्षक द्वारा छात्राओं की पिटाई किए जाने से नाराज अभिभावकों ने विद्यालय पहुंचकर जमकर बवाल काटा। अभिभावकों का आरोप है कि आरोपी प्रधानाध्यापक संजय कुमार शराब पीकर स्कूल आते हैं। फिर मामूली बात को लेकर बच्चों की पिटाई करते हैं, जिससे कई बच्चे घायल भी हो गए हैं। पूरा मामला सदर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय महमदपुर का है। मामला सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस द्वारा समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया गया। लेकिन लंबे समय तक लोग आरोपी शिक्षक पर कार्रवाई की मांग करते रहे।
छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार शराब का सेवन करते हैं और जात-पात की भावनाओं से भी ग्रसित हैं। वह चुन-चुन कर दूसरी जाति के छात्राओं की पिटाई करते हैं। हालांकि इसमें कितनी सच्चाई है यह तो जांच के बाद पता चल पाएगा।
फिलहाल छात्रों का आरोप है कि विद्यालय की ही एक शिक्षिका अभिलाषा कुमारी ने कई छात्राओं को कहा था कि वे अपनी पासबुक अपडेट कर लें। इसलिए छात्र-छात्राओं को विद्यालय से कुछ घंटे की छुट्टी दी गई थी। लेकिन जब छात्र-छात्रा विद्यालय पहुंचे तो प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने उन्हें रोका और पूछा किससे पूछ कर बाहर गए थी। उसके बाद उन्होंने छात्र-छात्राओं की पिटाई शुरू कर दी।
छात्राओं का आरोप है कि शिक्षक संजय कुमार द्वारा उनके सिर पर भी हमला किया गया, जिससे कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए। जब विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों से इसकी शिकायत की तो वे आक्रोशित हो गए और विद्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया। हालांकि अब स्थानीय प्रशासन द्वारा स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है।
वहीं, आरोपी शिक्षक का कहना है कि एनएच के बगल में यह विद्यालय है और वह नहीं चाहते कि विद्यार्थियों के साथ किसी प्रकार का हादसा हो। इसलिए वह विद्यार्थियों से थोड़ी कड़ाई से जरूर पेश आते हैं। लेकिन उन पर लगाए गए तमाम आरोप बेबुनियाद हैं।