Bihar: थाने से ही चोरी हो गई जब्त कमांडर जीप, बदले में रख दी दूसरी कार; दरोगा समेत चार गिरफ्तार, बड़ा सच उजागर
Begusarai News: बेगूसराय में थाने से ही एक मामले जब्त कार को चोरी कर लिया गया और इस कांड में दारोगा समेत चार लोग शामिल थे। मामले की जांच में जीप चोरी करने का कारण भी सामने आ गया है, जिसके बाद पुलिस की लानत-मलामत की जा रही है। जानें पूरा मामला...।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बेगूसराय जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां थाना परिसर के अंदर से ही जब्त की गई कमांडर जीप चोरी हो गई। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामला मटिहानी थाना का है, जहां पुलिस द्वारा जब्त की गई कमांडर जीप को रातों-रात चोरी कर लिया गया और उसकी जगह दूसरी गाड़ी खड़ी कर दी गई। घटना के बाद जांच में जो खुलासा हुआ, वह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं। इस चोरी में कोई और नहीं बल्कि एक दारोगा और उसके तीन साथियों का ही हाथ निकला। पुलिस ने दारोगा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
चोरी की गई गाड़ी से हुई थी छात्रा की मौत
दरअसल, सात फरवरी को मटिहानी थाना क्षेत्र के बदलपुरा चौक के पास एक कमांडर जीप ने दो छात्राओं को टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हुई, जबकि 18 वर्षीय शिमी कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने उक्त कमांडर जीप को जब्त कर मटिहानी थाना परिसर में खड़ा कर दिया।
थाना परिसर से ही चोरी हुई जब्त जीप
जांच के दौरान यह सामने आया कि बेगूसराय नगर थाना में पदस्थापित दरोगा सुजीत कुमार, जो पहले मटिहानी थाना में चार वर्षों तक तैनात थे। वह अब भी वहीं के सरकारी आवास में रह रहे थे। उन्होंने अपने तीन सहयोगियों के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया। सुजीत कुमार की मटिहानी थाना क्षेत्र के कई स्थानीय युवकों से अच्छी जान-पहचान थी। उन्हीं में से कुछ लोग, कारी सिंह, गोनू सिंह और प्राइवेट ड्राइवर मोहम्मद जाकिर के साथ मिलकर थाना परिसर में खड़ी जब्त गाड़ी को 12 फरवरी की रात चोरी कर वहां दूसरी गाड़ी खड़ी कर दी।
सीसीटीवी फुटेज से खुली चोरी की पोल
दरअसल, 15 फरवरी को जब पुलिस अधिकारियों को चोरी की जानकारी मिली, तो तत्काल डीएसपी भास्कर रंजन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें साफ-साफ दिखा कि दारोगा सुजीत कुमार अपने तीन साथियों के साथ मिलकर रात में थाना परिसर से जीप को धक्का देकर निकाल रहे हैं। जब सबूत हाथ लगे तो मटिहानी थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर दारोगा सुजीत कुमार, कारी सिंह, गोनू सिंह और ड्राइवर मोहम्मद जाकिर को गिरफ्तार कर लिया। चारों को मटिहानी थाना हाजत में बंद कर दिया गया और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।
चारों को जेल भेजने की तैयारी
इस पूरे मामले पर सदर डीएसपी टू भास्कर रंजन ने बताया कि सात फरवरी को बदलपुरा चौक पर हुए सड़क हादसे में जब्त की गई कमांडर जीप को 15 फरवरी की रात चोरी कर लिया गया। जांच में सामने आया कि नगर थाना में तैनात दारोगा सुजीत कुमार और उसके तीन सहयोगियों ने मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया। चोरी करने के बाद थाने में दूसरी कमांडर जीप खड़ी कर दी गई ताकि किसी को शक न हो। अब चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
थाने के अंदर ही चोरी, पुलिस पर उठे सवाल
थाना परिसर से जब्त गाड़ी की चोरी की यह घटना बेगूसराय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। जिस जगह से आम जनता न्याय की उम्मीद रखती है, उसी जगह अगर जब्त वाहन चोरी हो जाए और उसमें पुलिसकर्मी ही शामिल हों, तो यह कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। वहीं, इस घटना से स्थानीय लोगों में भी रोष है। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस थाने से ही अपराध होने लगें, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा?
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.