सीवान के मार्केट में भीषण आग: एसी दुकान में धमाकों से मची अफरा-तफरी, दमकल का पानी खत्म होने से बढ़ी परेशानी
सीवान के एक मार्केट में अचानक भीषण आग लग गई। आग एसी दुकान तक पहुंचने पर सिलेंडर फटने लगे। पहली दमकल का पानी खत्म होने से परेशानी बढ़ी। दूसरी गाड़ी ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। नुकसान का आकलन नहीं हुआ।
विस्तार
सीवान में एक मार्केट में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप धारण कर लिया। आग की लपटें एक एसी दुकान तक पहुंच गईं, जिसके बाद एसी के सिलेंडर फटने लगे। सिलेंडर फटने की आवाज धमाकों जैसी थी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कुछ ही देर में दमकल की गाड़ी का पानी खत्म हो गया। इससे आग बुझाने में और परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद दूसरी दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू हुई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
पढे़ं: मोकामा विधायक अनंत सिंह और जनसुराज के एमएलसी प्रत्याशी पर एफआईआर, जानें किस मामले में हुआ केस दर्ज
आग लगने की खबर मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। बता दें कि आज दशहरा की नवमी है और मेला देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग सीवान पहुंचे हुए थे। इस वजह से देखते ही देखते सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने किसी तरह जाम हटवाया, जिसके बाद दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में मदद मिली। वहीं, इस घटना के बाद मार्केट के मालिक कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं थे। ऐसे में आग लगने से कितने रुपये का नुकसान हुआ है और आग किस वजह से लगी, इसकी सही जानकारी सामने नहीं आ सकी है।