लालू यादव के समधी को लेकर तेजस्वी-तेजप्रताप में रार, एक भाई पक्ष में दूसरा विरोध में कर रहा प्रचार
बिहार में 'सारण का रण' राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार के लिए भी सियासी संग्राम बन चुका है। केंद्रीय मंत्री रह चुके मौजूदा सांसद राजीव प्रताप रूडी के खिलाफ महागठबंधन की ओर से उतारे गए उम्मीदवार चंद्रिका प्रसाद राय, लालू के समधी और तेजप्रताप के ससुर हैं। चंद्रिका राय की जीत के लिए लालू के एक बेटे तेजस्वी चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं। उन्होंने गुरुवार की शाम सारण में चंद्रिका के लिए लंबा रोड शो भी किया। वहीं उनके भाई तेजप्रताप अपने ससुर के विरोध में मोर्चा खोले हुए हैं।
तेजप्रताप, लालू परिवार की लोकसभा सीट रहे सारण से चंद्रिका राय को टिकट देने के शुरू से ही खिलाफ रहे हैं। अपनी पत्नी ऐश्वर्या से तलाक की अर्जी डाल चुके तेजप्रताप का कहना था कि यह उनके परिवार की सीट रही है, इसलिए यहां से परिवार का कोई सदस्य लड़े या फिर पार्टी का कोई समर्पित कार्यकर्ता। ससुर चंद्रिका राय के खिलाफ उन्होंने तो लालू-राबड़ी मोर्चा से अपना प्रत्याशी उतारने तक की हवा बना डाली थी।
ऐश्वर्या और तेज प्रताप: ससुर के दावों को दामाद ने किया खारिज
चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या से शादी के कुछ ही दिन बाद से तेज प्रताप के संबंध ठीक नहीं चल रहे थे। नाजुक दौर से गुजर रहे ऐश्वर्या और तेजप्रताप के संबंधों को सुधारना दोनों परिवारों की प्राथमिकता होगी। चंद्रिका राय का परिवार दावा कर रहा है कि तेज प्रताप मान जाएंगे और तलाक की अर्जी वापस ले लेंगे। चंद्रिका राय ने भी ऐसे संकेत दिए थे, लेकिन तेजप्रताप ने इन दावों को खारिज कर दिया।
शुक्रवार की सुबह तेजप्रताप यादव ने अपने ट्विटर एकाउंट पर लिखा कि मीडिया में जो भी खबर चलाई जा रही है, वह बेबुनियाद है। मेरा फैसला अडिग है। चुनावी लाभ के लिए राजद सारण प्रत्याशी द्वारा गलत बयान दिया जा रहा है। अपने फायदे के लिए ये लोग मीडिया में गलत बयान दे रहे हैं। मैं इनके बयान का पूर्ण रूप से खंडन करता हूं।
मीडिया में जो भी खबर चलाया जा रहा है वह बिलकुल बेबुनियाद और फेक है। मेरा फैसला अडिग है। चुनावी लाभ के लिए राजद सारण प्रत्याशी द्वारा गलत बयान दिया जा रहा है। अपने फायदे के लिए ये लोग मीडिया में गलत बयान दे रहे हैं।
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) May 2, 2019
मैं इनके बयान का पूर्ण रूप से खंडन करता हूँ।
लालू और चंद्रिका परिवार का संबंध बिगाड़ सकती है राजद की हार
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय के बेटे चंद्रिका राय प्रतिष्ठित परिवार से आते हैं। पिता दारोगा प्रसाद की विधानसभा सीट रही परसा से वह वर्तमान में विधायक हैं। राजीव प्रताप रूडी को चुनौती देने के लिए महागठबंधन का एकजुट रहना बहुत जरुरी है, लेकिन यहां तो तेजस्वी, चंद्रिका की जीत के लिए अभियान में लगे हैं, वहीं, तेज प्रताप के समर्थक उनके ससुर का समर्थन नहीं कर रहे। ऐसे में चुनाव में हार हुई तो इसका असर दोनों परिवारों के संबंधों को और खराब कर सकता है।