Bihar News: तस्करी की सूचना पर गश्त कर रही एसएसबी टीम निराश लौट रही थी, फिर मिल गई बड़ी खेप
एसएसबी 45वीं बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि विश्वस्त सूचना के आधार पर नाका दल की तैनाती की गई थी। लेकिन वहां पूरी रात कोई तस्कर नजर नहीं आया। नदी के रास्ते लौटने के दौरान गंध मिलने पर सघन जांच शुरू की गई, जिसमें गांजा की बरामदगी हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुपौल जिला अंतर्गत कुनौली में एसएसबी ने गांजे की बड़ी खेप बरामद की है। बरामद गांजे का वजन 672.250 किलोग्राम और कीमत लाखों में बताया जा रहा है। हालांकि, मामले में कोई तस्कर एसएसबी टीम के हाथ नहीं लगा है। एसएसबी की 45वीं बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सुपौल जिले के कुनौली थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा के पास एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 672.250 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि सीमा चौकी कुनौली के बॉर्डर पिलर नंबर 221/1 के समीप से नेपाल से भारत में गांजा की बड़ी खेप की तस्करी होने वाली है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए सहायक उप-निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में छह जवानों की एक टीम को नाका ड्यूटी पर तैनात की गई। टीम ने रातभर सतर्कता से ड्यूटी की, लेकिन तस्कर उस रास्ते पर दिखाई नहीं दिए। जब नाका दल नदी के रास्ते लौट रहा था और वासुदेव घाट के पास पहुंचा, तो उन्हें गांजे जैसी तेज गंध महसूस हुई, जिसके बाद टीम ने क्षेत्र की गहन तलाशी ली और एक जगह 24 सीलबंद पैकेट पाए। इन पैकेट्स के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।
नारकोटिक्स डिटेक्शन किट से हुई गांजा की पुष्टि
कमांडेंट ने बताया कि नाका दल द्वारा नारकोटिक्स डिटेक्शन किट के माध्यम से जांच की गई, जिसमें इन पैकेट्स में गांजा की पुष्टि हुई। जब्त गांजे का कुल वजन 672.250 किलोग्राम निकला। एसएसबी टीम ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद गांजे की खेप को कुनौली थाना को सौंप दिया। इस बड़ी कार्रवाई ने सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध तस्करी पर लगाम लगाने की एसएसबी की प्रतिबद्धता को पुनः साबित किया है।
इधर मामले की जांच में जुटी कुनौली पुलिस
इधर, गांजा की खेप बरामदगी के बाद कुनौली थाने की पुलिस भी मामले की छानबीन में जुट गई है। कुनौली थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि एसएसबी द्वारा जब्त गांजा पुलिस के हवाले किया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।