बिहार में दहशतः बेगूसराय फायरिंग मामले में नीतीश कुमार ने की बैठक, अधिकारियों से कहा- ऐसी घटनाओं पर नजर रखें
Begusarai Firing News: बाइक पर बैठे हमलावरों ने बरौनी थर्मल पावर स्टेशन के पास एनएच 31 से बछवाड़ा के एनएच-28 तक लोगों पर गोलियां बरसाते रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Begusarai Firing News: बिहार के बेगूसराय में 11 लोगों पर गोली बरसाने वाले अपराधी अब भी फरार हैं। इस गोली कांड के बाद लोगों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है। कई लोग डर के मारे घर के बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। वहीं पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है लेकिन अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। वहीं इस बीच पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने इस घटना को लेकर बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में जेल से छूटे सभी लोगों की पहचान की जा रही है, उनमें से सभी संदिग्धों का पता लगाया जा रहा है। पेट्रोलिंग कारों की जांच की गई है और उसमें 7 गाड़ियों में कमी पाई गई और इसके लिए गाड़ियों के पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। इस बीच बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने भी घटना को लेकर अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
ऐसी घटनाओं पर नजर रखें अफसर: नीतीश
बेगूसराय में हुई घटना को लेकर नीतीश कुमार मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा, "हमने अधिकारियों को कह दिया है कि एक-एक चीज पर नज़र रखें। मैं तो कह ही रहा हूं एक बार हो गया तो समझ लीजिए कि कहीं भी कुछ भी हो सकता है। नीतीश ने बताया कि मामले को लेकर उन्होंने एक बैठक भी बुलाई है।
चार टीमों का गठन: पुलिस अधीक्षक
बेगूसराय के एसपी ने कहा कि हमने कल की घटना के आरोपियों का पता लगाने के लिए 4 टीमों का गठन किया है। टीमें पड़ोसी जिले के सभी संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर रही। सीसीटीवी चेक किए गए हैं जिनसे हमें अहम जानकारियां मिली हैं।
दो बाइक पर चार लोग बैठे हैं जिन्होंने अपराध किया: पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कल रात से ही पूरे जिलों में नाकेबंदी कर दी है, सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है और जांच जारी है। 5 लोगों को रात से ही हमने हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। हम प्राप्त सभी इनपुट पर काम कर रहे हैं। जो फोटो मिले हैं उसमें दो बाइक पर चार लोग बैठे हैं जिन्होंने अपराध किया था।
सात पुलिसकर्मी निलंबित
बिहार के बेगूसराय में फायरिंग मामले में बिहार सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया है। हालांकि दोनों बदमाश अब भी फरार हैं। पुलिस जगह-जगह छापे मार रही है लेकिन अपराधियों का सुराग नहीं लग रहा है।
नीतीश के खिलाफ गरजे गिरिराज
गिरिराज सिंह ने कहा कि बेगूसराय की घटना बिहार के लिए एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। बिहार में जब से महागठबंधन की सरकार बनी है तब से कानून व्यवस्था बहुत बिगड़ गई है। मुख्यमंत्री जी जिसे पहले जंगल राज कहते थे उसे अब जनता राज कहते हैं। नीतीश कुमार ने सत्ता की लालसा में बिहार को बर्बाद कर दिया है। नीतीश जी आपने जो कदम उठाया आपने कभी सोचा कि आपने क्यों उठाया? रोपे बबूल तो आम कहां से होए। नीतीश कुमार आप जनता के सामने आकर जवाब दीजिए। ये क्या हो रहा है?
बिहार के इतिहास में पहली घटना: सुशील मोदी
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार के इतिहास में यह अपने प्रकार की पहली घटना है। दो मोटरसाइकिल सवार अपराधी 11 लोगों को गोली मारते हैं। पुलिस कुछ नहीं कर पाती है. एक व्यक्ति की मौत हो गई, 10-11 लोग घायल हैं।
अश्विनी चौबे ने सीएम नीतीश से मांगा इस्तीफा
केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने इस मसले पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस्तीफा मांगा है। चौबे ने कहा कि महागठबंधन की सरकार आते ही अपराध की घटनाओं में इजाफा हुआ है। राजद व जदयू की सरकार आने के बाद लोगों के बीच दहशत का माहौल है।
बेगूसराय में आज चक्का जाम: भाजपा
बेगूसराय में बढ़ते अपराध की घटनाओं और सनकी बदमाशों के द्वारा 11 लोगों को गोली मारने की घटना के विरोध में भाजपा ने बुधवार को बेगूसराय बंद का आह्वान किया है। भाजपा आज जिले में चक्का जाम करेगी।
अपराधी बाइक चलाते हुए कर रहे थे अंधाधुंध फायरिंग
बिहार के बेगूसराय में मंगलवार शाम को विभन्न स्थानों पर दो अपराधियों द्वारा 11 लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं। इस वारदात में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस की जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, इस फायरिंग की घटना के पीछे दो बाइक सवार बदमाश हैं। घटना को लेकर बेगूसराय के एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि बाइक सवार दो बदमाशों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर घटना को अंजाम दिया। हमलावरों को पकड़ने के लिए पूरे जिले की नाकाबंदी की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग 28 और 31 पर कई स्थानों पर दो बाइक सवार बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया।