बिहार: सर्किट हाउस में एसी ब्लास्ट से लगी आग, बगल के कमरे में ठहरे विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर बाल-बाल बचे
गयाजी के सर्किट हाउस में बुधवार को एसी में ब्लास्ट होने से एक कमरे में आग लग गई। हादसे के दौरान बगल के कमरे में विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर मनोज कुमार अपनी पत्नी के साथ ठहरे हुए थे। अग्निशमन कर्मियों ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर आग पर काबू पाया।
विस्तार
गयाजी के सर्किट हाउस में बुधवार को एसी में ब्लास्ट होने से एक कमरे में आग लग गई। जिस कमरे में आग लगी, उसके ठीक बगल वाले कमरे में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर मनोज कुमार अपनी पत्नी के साथ ठहरे हुए थे। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला और आग पर काबू पाया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली और मामले की जांच कराने की मांग की।
मनोज कुमार को आवंटित था कमरा नंबर तीन
जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन की ओर से विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर मनोज कुमार को कमरा नंबर तीन आवंटित किया गया था। इस कमरे में वीवीआईपी के ठहरने की व्यवस्था रहती है। हालांकि, मनोज कुमार ने कमरा नंबर तीन के बजाय कमरा नंबर दो में ठहरने का निर्णय लिया। इसी बीच, दोपहर में कमरा नंबर तीन के एसी में ब्लास्ट हो गया और आग लग गई। इससे एक बड़ी घटना होने की आशंका पैदा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। साथ ही, कमरा नंबर दो में ठहरे मनोज कुमार और उनकी पत्नी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ऊपर वाले की कृपा से बच गया परिवार
विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि उन्हें कमरा नंबर तीन आवंटित किया गया था, लेकिन उन्होंने अपनी इच्छा से कमरा नंबर दो चुना। उनके मुताबिक, यह ऊपर वाले की कृपा है कि जिस कमरे में आग लगी, उसमें वे नहीं ठहरे थे। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनके परिवार को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
ये भी पढ़ें- बिहार: एक प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत! मुंगेर की अंकिता की बेगूसराय में संदिग्ध मौत; पति पर गंभीर आरोप
विधानसभा अध्यक्ष ने ली जानकारी, जांच की मांग
बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि वह भी सर्किट हाउस में मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि समय रहते मनोज कुमार और उनकी पत्नी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने घटना की जांच कराने की मांग की, ताकि आग लगने के कारणों का पता चल सके।
वहीं, अग्निशमन विभाग के जिला सहायक पदाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि एसी में ब्लास्ट होने के कारण कमरा नंबर तीन में आग लगी थी। अग्निशमन टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

गयाजी सर्किट हाउस के कमरा नंबर तीन में एसी ब्लास्ट से लगी आग, अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर