Bihar: ‘क्या उखाड़ लेगा मुकेश सहनी, हम CM के रिश्तेदार हैं’, थाना प्रभारी पर VIP नेता से अभद्रता करने का आरोप
Gaya News: वीआईपी नेता से अभद्रता किए जाने के मामले को लेकर एसएसपी आशीष भारती ने कहा कि थाना प्रभारी की भाषा और व्यवहार की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
गया जिले में थाना प्रभारी के वीआईपी पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार को गाली-गलौज कर धमकाने और थाने से भगाने का मामला सामने आया है। यह आरोप आमस थाना के थाना प्रभारी इंद्रजीत पर लगा है। दरअसल, इस घटना का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिससे गया पुलिस में हड़कंप मच गया है। वायरल ऑडियो में थाना प्रभारी न केवल वीआईपी नेता को अपमानित कर रहे हैं, बल्कि पूर्व मंत्री और वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी के खिलाफ भी अपमानजनक टिप्पणी करते हुए सुने गए हैं। ऑडियो के वायरल होते ही एसएसपी आशीष भारती ने तत्काल मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर 2024 को वीआईपी पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार की बाइक शेरघाटी कोर्ट परिसर से चोरी हो गई थी। इसके बाद उन्होंने आमस थाने में बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी सिलसिले में अनिल कुमार अपनी बाइक की जानकारी लेने आमस थाना पहुंचे। वहां उन्होंने थाना प्रभारी इंद्रजीत को गुड मॉर्निंग कहा, तो वह अचानक गुस्से में आ गए। वायरल ऑडियो में थाना प्रभारी अनिल कुमार को जमकर गालियां देते हुए धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि तुम कौन होते हो सीसीटीवी फुटेज मांगने वाले? तुम मेरे डीएसपी या एसपी हो? पैरवी करवाता है कि मंत्री के पीए बोल रहे हैं। यहां क्या लगता है कि चौकीदार बैठा है? मुकेश सहनी तो अब मंत्री भी नहीं है, मेरा क्या उखाड़ लेगा?
पूर्व मंत्री मुकेश सहनी पर भी अपमानजनक टिप्पणी
थाना प्रभारी ने सिर्फ प्रखंड अध्यक्ष को ही नहीं, बल्कि पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के खिलाफ भी अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि मुकेश सहनी अब मंत्री नहीं हैं, तो तुम उछल क्यों रहे हो? यहां मुख्यमंत्री के रिश्तेदार बैठे हैं, तुम मेरा कुछ नहीं कर सकते। इस बयान ने पुलिस प्रशासन और राजनीतिक नेताओं के बीच तनाव को बढ़ा दिया है।
गुस्से में आग-बबूला हुए थाना प्रभारी
वीआईपी नेता अनिल कुमार जब बाइक चोरी के मामले में सीसीटीवी फुटेज की मांग कर रहे थे, तो थाना प्रभारी इंद्रजीत ने इस पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि तुम कौन होते हो जो मुझे जांच का तरीका बता रहे हो? इसके बाद उन्होंने जमकर गालियां दीं और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने वीआईपी नेता को थाने से बाहर निकलने की धमकी भी दी।
एसएसपी ने दिए वायरल ऑडियो की जांच के आदेश
इस घटना का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे पुलिस प्रशासन की किरकिरी होने लगी। वायरल ऑडियो क्लिप के बाद गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आशीष भारती ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए। एसएसपी ने कहा कि थाना प्रभारी की भाषा और व्यवहार की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक माहौल गरमाया
इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। वीआईपी पार्टी के नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी सत्ता के प्रभाव में आकर अपने कर्तव्यों का उल्लंघन कर रहे हैं और वीआईपी पार्टी के नेताओं के प्रति दुर्भावना रख रहे हैं।
गया पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी इंद्रजीत पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए वीआईपी पार्टी के नेताओं के साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें गालियां देकर अपमानित किया। जांच पूरी होने के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।