Bihar: बीएसपी में तैनात SI का शव फंदे से लटका मिला; भूंजा के लिए हुई थी लड़ाई, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया
परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद मामले की बारीकी से जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
विस्तार
बिहार के बोधगया में स्थित बीएमपी तीन में तैनात एसआई का शव फंदे से लटका हुआ मिला है। कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं। हालांकि, मृतक की बहन आत्महत्या मानने से इनकार कर रही हैं और उनका आरोप है कि हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया, साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी।
पैरों में रेत लगीं हुई थी
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सारण जिले के गंगाजल गांव के रहने वाले एसआई राजेश कुमार के रूप में हुई है, जो पूरे परिवार के साथ हाजीपुर में रहते थे। इस संबंध में मौके पर पहुंची एसआई की बहन संगीता कुमारी ने बताया कि उन्हें रात्रि 9 बजे इस घटना की खबर मिली। खबर मिलने के बाद जब वह बैरेक पहुंची तो उन्होंने देखा कि उनका भाई फंदे से लटका हुआ है। लेकिन उनके घुटने मुड़े हुए थे और पैरों में रेत लगी हुई थी, जिस पर कई लोगों के पैर के निशान पड़े हुए थे।
परिजन बोले- हत्या हुई है
पुलिस ने बिना किसी फॉरेंसिक जांच के शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। वहीं मृतक की बहन का दावा है कि बीती रात को उनके भाई सभी लोगों को भूंजा बांट रहे थे, जिसमें महिला कर्मी भी शामिल थीं। उसी दौरान उनके भाई के साथ लड़ाई हुई और उनकी हत्या की गई। बैरेक में रहने वाले कुछ कर्मियों ने दबी जुबान से बताया कि शनिवार रात भूंजा को लेकर लड़ाई हुई थी। हालांकि, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद मामले की बारीकी से जांच पड़ताल शुरू कर दी है।