Bihar News: समस्तीपुर में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत, गांव में पसरा मातम; जानें सबकुछ
Bihar: दोनों घटनाओं के बाद गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। लोग डरे और सहमे हुए हैं। बारिश के मौसम में लगातार गिर रही आकाशीय बिजली ने लोगों को सतर्क कर दिया है। स्थानीय प्रशासन की ओर से दोनों मामलों में मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समस्तीपुर जिले में रविवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक ओर जहां स्नान करते वक्त युवक की जान गई, वहीं दूसरी घटना में खेत में काम कर रही एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। इन दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं गांवों में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
पहला मामला रोसड़ा थाना क्षेत्र का
पहली घटना समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के सोनपुर उत्तर पंचायत स्थित भटोतर गांव वार्ड नंबर-10 की है। यहां रामसागर महतो का 22 वर्षीय बेटा राहुल कुमार चापाकल पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया।
स्थानीय लोगों ने उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि राहुल समस्तीपुर में रहकर पढ़ाई करता था और गांव में आयोजित नवाह यज्ञ में शामिल होने के लिए आया हुआ था। उसके पिता दो महीने पहले ही परिवार के भरण-पोषण के लिए दिल्ली गए थे। बेटे की असमय मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
पढ़ें: पोखर में डूबने से युवक की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम; खगड़िया का
दूसरा मामला सिंघिया थाना क्षेत्र का
दूसरी घटना जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र अंतर्गत क्योटहर पंचायत के मुंगेला गांव की है। यहां खेत में काम कर रही एक 12 वर्षीय किशोरी अर्चना कुमारी, जो गांव के रोहित मांझी की पुत्री थी, आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि अर्चना की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि अर्चना अपने परिजनों के साथ गांव के पास स्थित धान के खेत में उगे खर-पतवार साफ कर रही थी। तभी तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी, जो सीधे उसके ऊपर आ गिरी। गनीमत रही कि बाकी परिजन इसकी चपेट में नहीं आए और सुरक्षित बच गए।
गांवों में दहशत का माहौल
इन दोनों घटनाओं के बाद गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। लोग डरे और सहमे हुए हैं। बारिश के मौसम में लगातार गिर रही आकाशीय बिजली ने लोगों को सतर्क कर दिया है। स्थानीय प्रशासन की ओर से दोनों मामलों में मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही जा रही है।