Bihar News : सीएम नीतीश निकाह देखने पहुंचे, दरभंगा में अभी इससे ज्यादा चर्चा 13 साल की बच्ची की शादी की
Nitish Kumar : गजब इत्तेफाक है! मुख्यमंत्री एक पूर्व केंद्रीय मंत्री की बेटी के निकाह में दरभंगा पहुंचे, लेकिन इससे ज्यादा चर्चा यहां अभी 13 साल की बच्ची की शादी की है। वजह भी है। बच्ची की शादी किसी बच्चे से नहीं हो रही।
विस्तार
यह शादी कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के मधुबन गांव के एक दंपती ने कुशेश्वरस्थान के एक मंदिर में अपने 13 वर्ष की नाबालिग बेटी की शादी एक 60 वर्षीय बुजुर्ग से करा दी है। लड़की इस बेमेल शादी का लगातार विरोध कर रही थी लेकिन बार-बार इंकार करने के बावजूद पुरोहितों और नाबालिग के माता-पिता ने उसकी जबरदस्ती शादी करा दी। अब उसके इस शादी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोग इस बेमेल शादी की खूब निंदा कर रहे हैं।
बाजार जाने के बहाने ले गये शादी करने
लड़की का कहना है कि उसके घर वालों ने बाजार जाने के बहाने उसे शादी करने ले गये। उसने बताया कि अगर उसे पता होता कि उसकी शादी होने वाली है तो वह बाजार नहीं आती। किसी ने जब उससे पूछा कि दूल्हा पसंद है, तो उसने कहा कि खाक पसंद है... बूढ़ा है। इस पर बगल में बैठी महिला उसे फटकराते हुए चुप करा दिया। दूल्हा समस्तीपुर जिले के रोसड़ा का निवासी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लड़की के पिता दो बार मुखिया पद के लिए चुनाव लड़ चुके हैं, उन्हें इतनी तो समझ होनी चाहिए कि उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए।
गुपचुप कराई गई शादी
उस पंचायत के मुखिया अविनाश कुमार आजाद ने इस बेमेल विवाह की पुष्टि करते हुए कहा कि यह शादी गुपचुप तरीके से की गई है। इसकी भनक ग्रामीणों को नहीं लगने दी गई। वहीं इस संबंध में स्थानीय प्रशासन का कहना है कि मुझे इस बात की जानकारी नहीं है लेकिन वायरल वीडियो से घटना की सूचना मिली है।