एंबुलेंस पर जंग: सांसद रूडी की एंबुलेंस में बालू की ढुलाई, पप्पू यादव ने वीडियो जारी कर पीएम से की यह अपील
बिहार के सारण से सांसद राजीव प्रताप रूडी एंबुलेंस का दुरुपयोग करने और दर्जनों एंबुलेंस का इस्तेमाल नहीं करने के मामले में घिर गए हैं। पप्पू यादव ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रूडी ने बचाव में यादव पर राजनीति करने का आरोप लगाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्व केंद्रीय मंत्री व बिहार के सारण क्षेत्र से लोकसभा सदस्य राजीव प्रताप रूडी पर पूर्व सांसद पप्पू यादव ने जनसंसाधनों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि मरीजों को एंबुलेंस नहीं मिल रही हैं और सांसद कोटे से खरीदी गई एंबुलेंस में बालू ढोई जा रही है। यादव ने एक जगह दो दर्जन एंबुलेंस बिना इस्तेमाल के खड़ी होने का भी दावा किया। उन्होंने ट्वीट कर मामले में पीएम से शिकायत की है। वहीं रूडी ने अपना बचाव करते हुए कहा कि कोविड महामारी के कारण ड्राइवर नहीं मिलने से एंबुलेंस रखी हुई थी।
राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव मधेपुरा के पूर्व सांसद और जन अधिकार पार्टी (जाप) के अध्यक्ष हैं। यादव ने कहा कि इन सभी एंबुलेंस की खरीदी सांसद राजीव प्रताप रूडी के कोष से की गई थी। बालू ढोने वाली एंबुलेंस पर रूडी का नाम लिखा था और संसद सदस्य स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीलैड) के कोष से इसकी खरीदारी हुई थी।
तिरपाल से ढंकी थी दर्जनों एंबुलेंस
अपने समर्थकों के साथ पप्पू यादव शुक्रवार को अचानक उस जगह पहुंच गए जहां कई सारी एंबुलेंस खड़ी थी और सुरक्षा कर्मियों से बहस होने के बाद वह परिसर के भीतर चले। परिसर में कई एंबुलेंस को तिरपाल से ढककर रखा गया था।
एक किलोमीटर ले जाने के 12 हजार दे रहे
कोविड-19 महामारी जब अपने चरम पर है, ऐसे में मरीजों को पहुंचाने में एंबुलेंस का इस्तेमाल नहीं करने के लिए पप्पू यादव ने भाजपा सांसद रूडी की तीखी आलोचना की। यादव ने कहा कि लोगों को एक किलोमीटर तक कोविड मरीज को ले जाने के लिए 12,000 रुपये तक देने पड़ रहे हैं। एंबुलेंस की घोर किल्लत है। ऐसे में सारण के सांसद ने एंबुलेंस को बिना इस्तेमाल के खड़ा कर रखा है। पप्पू यादव ने कहा, कि उन्होंने (रूडी) अपने कुछ लोगों को एंबुलेंस बांट दी। इस मामले की जांच होनी चाहिए। एमपीलैड कोष जनता का धन है।
पप्पू यादव पर तोड़फोड़ का आरोप, एफआईआर दर्ज
वहीं, रूडी के एक समर्थक ने यादव पर परिसर में जबरन घुसने और एंबुलेंस में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि शनिवार को अमनौर थाने में यादव के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गयी।
रूडी ने यादव को दी ड्राइवर की व्यवस्था करने की चुनौती
एंबुलेंस बिना इस्तेमाल के रखे होने का मामला सामने आने के बाद रूडी और यादव के बीच जुबानी जंग हुई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सारण के मौजूदा सांसद रूडी ने अपना बचाव करते हुए कहा कि कोविड महामारी के कारण ड्राइवर नहीं मिलने से एंबुलेंस रखी हुई थी। रूडी ने यादव पर मामले में राजनीति करने का आरोप लगाया और उन्हें ड्राइवरों की व्यवस्था करने की चुनौती दी।
पप्पू यादव ने तैयार किए ड्राइवर
इसके बाद, यादव ने कुछ ड्राइवरों के साथ पटना में संवाददाता सम्मेलन किया। यादव ने कहा कि उन्होंने ड्राइवरों की व्यवस्था कर दी है और वे एंबुलेंस चलाने के लिए तैयार हैं। यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से ऐसी गतिविधियां रोकने और काम करने के लिए राजी ड्राइवरों की सेवाएं लेने की अपील की।
मधेपुरा से कई बार सांसद रहे पप्पू यादव कोविड-19 महामारी के दौरान लगातार मरीजों की सेवा में जुटे हैं। उन्होंने जरूरतमंद मरीजों के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर और बिस्तर दिलाने में भी मदद की है। पप्पू यादव 2019 के आम चुनाव में जद(यू) नेता दिनेश चंद्र यादव से हार गए थे।