Bihar News : बाइक सवार पांच अपराधी जगह-जगह कर रहे फायरिंग, चार जगह पुलिस को सबूत मिले, सीसीटीवी से पड़ताल
Bihar Police : बेगूसराय में जिस तरफ फायरिंग से दहशत फैली थी, इस बार इससे सटे मुंगेर में ऐसी वारदात सामने आयी है। दो बाइक पर सवार पांच अपराधी हवाई फायरिंग कर रहे हैं। चार जगह फायरिंग के सबूत पुलिस को मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज भी मिला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुंगेर शहर में बेखौफ बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे आमजन में दहशत का माहौल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि दो बाइक पर सवार पांच अपराधी अचानक आये और हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गये। अपराधियों के द्वारा फायरिंग करने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना कासिम बाजार थाना क्षेत्र की है। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली, कासिम बाजार सहित कई अन्य थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी खंगाला जा रहा है और फिर अपराधियों की पहचान कर उनपर कार्रवाई की जाएगी।
अपराधी एक किलोमीटर तक करते रहे फायरिंग
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोली की आवाज सुनकर लोग अपने-अपने घर और दुकानों में दुबक गये। अपराधी लगभग 1 किलोमीटर तक लगातार फायरिंग करते रहे, जिससे लोगों के बीच दहशत का माहौल हो गया। गोलीबारी के दौरान एक पान दुकान में अपराधियों की गोली लगने से पान दुकान के अंदर लगा शीशा पूरी तरीके से टूट कर चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि पान दुकानदार बाल-बाल बच गया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर अलग-अलग क्षेत्र में छापेमारी करनी शुरू कर दी। पुलिस उस रास्ते के सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान हो सके। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए कोतवाली थानाध्यक्ष धीरेंद्र पांडे ने बताया कि बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने चार जगहों पर गोलीबारी की है। थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज बरामद कर आरोपियों की पहचान कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कई खोखा भी बरामद किए हैं। पुलिस की कई टीम अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद कासिम बाजार थाना, कोतवाली और यातायात थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।