Bihar : लालू बोले- जेल से सोनिया गांधी को कॉल कर इन्हें राज्यसभा एमपी बनाया, बिहार में एक ही सीट जीतेगी भाजपा
Lalu Yadav : राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कहा है कि जातीय जनगणना के बाद भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया है। एक बड़े जनसंघी नेता ने उन्हें बताया है कि भाजपा बिहार में सिर्फ एक ही लोकसभा सीट जीतने वाली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, देश के पूर्व रेल मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को एक बड़े जनसंघी नेता ने बताया है कि भाजपा अगले लोकसभा चुनाव में सिर्फ पटना की सीट जीतने वाली है। जनसंघ भाजपा का पुराना नाम है और लालू प्रसाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लिए भी इस नाम का इस्तेमाल करते हैं। दोनों ही मायनों में उनकी बातों का मतलब है कि भाजपा-संघ से जुड़े किसी बड़े नेता ने उन्हें भाजपा के इस डर से वाकिफ कराया है। लालू ने आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा की इस हालत के पीछे बिहार की जातीय जनगणना के आंकड़ों को वजह बताया है। लालू ने कहा कि भाजपा वाले इन आंकड़ों को देखकर सहम गए हैं। राजद अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र की भाजपा सरकार की योजनाओं से लेकर इंडी एलायंस के नेतृत्व तक के बारे में खुले मंच से बात की और साथ ही यह भी एलान किया कि पटना के गांधी मैदान में बहुत जल्द अब विपक्षी गठबंधन की बहुत बड़ी रैली होगी। अपनी ताकत का एहसास कराते हुए कहा कि उन्होंने जेल से ही सोनिया गांधी को कॉल कर अखिलेश सिंह को राज्यसभा एमपी बनवा दिया।
अखिलेश को एमपी बनाने के लिए हमने रांची जेल से कॉल किया
लालू यादव ने कहा कि भूमिहार भाई लोग दावा करते हैं कि श्री कृष्ण बाबू हमारे हैं लेकिन उनके जन्मदिन के दिन ही गायब रहते हैं। फूल-माला चढ़ाने भी नहीं आते हैं। आगे से ऐसा नहीं कीजिएगा। ताकि आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा मिले। अखिलेश सिंह की तारीफ करते हुए लालू प्रसाद ने कहा कि अखिलेश टिकट मांग कर एमपी नहीं बने हैं। इनको जबरदस्ती हम बनाए हैं एमपी। हम रांची जेल में थे। सोनिया गांधी जी को वहीं से टेलीफोन किया हमने। कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को फोन किया कि हम इनको राज्यसभा भेजते हैं।
राम-रहीम के बंदों के बीच नफरत फैलाया जा रहा है
लालू ने कहा कि आज देश संकट से गुजर रहा है। देश में सांप्रदायिक ताकतें आंख फाड़ कर खड़ी है और राम-रहिम के बंदों के बीच नफरत फैला रही है। भारत के संविधान के ऊपर संकट उत्पन्न किया जा रहा है। नफरत की राजनीति हो रही है। संविधान को खतरे में डाला जा रहा है। इसलिए हमलोग सभी मत और दलों में बंटी हुई पार्टी के लोग एक मंच पर आए। पटना के गांधी मैदान में हमलोग ऐतिहासिक रैली करने जा रहे हैं। भाजपा हटाओ देश बचाओ का नारा भी लालू ने दिया। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ करना है।