Bihar News : सरकारी बिजली कंपनी के स्विच बोर्ड ऑपरेटर का टुकड़ों में बंटा शव मिला; नौकरी के लिए दिए थे दो लाख
Bihar Police : उसने एक युवक को और बेहतर नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये दिए थे। सोमवार की शाम घर से सिलेंडर में गैस भरवाने के लिए निकला था और अब रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने के बाद पुलिस जांच कर रही कि यह हत्या है या आत्महत्या?
विस्तार
बिहार सरकार की पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के बिजली पावर सब-स्टेशन में काम करने वाले एक स्विच बोर्ड ऑपरेटर की टुकड़े में बंटा शव बरामद किया गया है। बेगूसराय के सिमरिया पावर सब-स्टेशन पर वह कार्यरत था और दुलारआ धाम के पास रेलवे ट्रैक पर उसका शव बरामद किया गया है। वह सोमवार की शाम घर से सिलेंडर में गैस भरवाने के लिए निकला था। 26 साल का उमेश चौधरी बेगूसराय के ही बलिया थाना क्षेत्र के बड़ी बलिया निवासी स्वर्गीय बिंदेश्वरी चौधरी का बेटा था। बताया जा रहा है कि उसने बेहतर नौकरी के नाम पर टिंकू नामक युवक से तीन लाख रुपये में डील की थी। उमेश ने टिंकू को दो लाख रुपये दे भी दिए थे। अब इस तरह शव मिलने के बाद पुलिस ने टिंकू को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
परिजनो ंने दोस्त पर लगाया हत्या का आरोप
इस मामले में परिजन मृतक के दोस्त टिंकू पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। बताया जाता है कि उसने सोमवार की शाम उसे अपने घर पर बुलाया था। इसी के बाद से युवक लापता था। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। वह दोस्त से मिलते हुए गैस सिलेंडर भरवाने के लिए फुलवड़िया बाजार जाने की बात कहते हए घर से निकला था। मृतक की पत्नी ने लिखित रूप से फुलवरिया थाना पुलिस को टिंकू के बारे में जानकारी दी है। बताया है कि उमेश का फोन भी टिंकू ही उठा रहा था, इसलिए इसमें उसकी भूमिका है।
20 दिन पहले ही यहां दिया था योगदान, अब शव मिला
जीआरपी बरौनी थाना पुलिस ने बीती रात करीब एक बजे दुलारआ धाम के पास रेलवे ट्रैक पर युवक का कटा हुआ शव बरामद किया था। घटना के सामने आने के बाद पत्नी और बच्चे का रो-रो कर बुरा हाल है। उमेश निपनिया में भाड़े का मकान लेकर करीब 20 दिन से पत्नी और बेटे के साथ रह रहा था। 20 दिन पहले ही सिमरिया में बिजली कंपनी के पावर सब-स्टेशन में स्विच बोर्ड ऑपरेटर के रूप में उसने योगदान दिया था। पुलिस हत्या या आत्महत्या, दोनों एंगल से जांच कर रही है। टिंकू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।