Bihar : बेटी के जन्म के साथ ही बुझ गया घर का चिराग; मां भी आईसीयू में भर्ती, घटना सीसीटीवी में कैद
Bihar : तेज रफ़्तार वाहन ने एक मासूम को रौंद दिया, जिसमें बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जामकर लोग हंगामा कर रहे हैं।
विस्तार
बेगूसराय में तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक 5 वर्षीय मासूम बच्चे को कुचल दिया, जिसमें उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मौत से नाराज लोगों ने सड़क जामकर जमकर हंगामा शुरू कर दिया है। इस घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बना हुआ है। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के हेमरा चौक के समीप की है।
भड़के लोगों ने किया सड़क जाम
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि मासूम बच्चा सड़क पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उस मासूम बच्चे को कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मौत से गुस्साए लोगों ने हेमरा चौक को जामकर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया। लोगों का आरोप है कि जिला प्रशासन की लापरवाही के कारण यह घटना हुई है। उनका कहना है कि यह भीड़ का इलाका है। शाम के वक्त यहां बहुत भीड़ रहती है लेकिन इसके बावजूद वाहन की रफ़्तार काफी तेज होती है, जिसपर यातायात पुलिस का कोई लगाम नहीं रहता है।
घटना सीसीटीवी में कैद
मृतक मासूम बच्चे की पहचान बखरी थाना क्षेत्र के घघरा निवासी हरिदेव ठाकुर के पुत्र आरव राज के रुप में हुई है। घटना के संबंध में परिजनों का कहना है कि मृतक मासूम बच्चे की मां प्रसव के बाद निजी अस्पताल में भर्ती है। वहीं प्रसव के बाद नवजात (बच्ची) की स्थिति गंभीर होने के कारण आईसीयू में भर्ती है। इस बीच आरव राज के सड़क पार करने के दौरान एक पिकअप गाड़ी ने उसे रौंद दिया जिससे बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले को शांत करने में जुट गई। लोग आरोपी वाहन को पकड़ कर कार्रवाई करने की जिद पर अड़े रहे। इस संबंध में घटनास्थल पर पहुंचे रतनपुर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया है कि सड़क दुर्घटना में पांच वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हुई है। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले को शांत करने में लगी हुई है।