{"_id":"6ad0ff3cc4b07a8157043d68","slug":"bihar-mlc-elections-nda-rallies-support-for-neeraj-kumar-and-naval-kishore-yadav-ahead-of-october-23-polls-2026-10-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"एमएलसी चुनाव: पटना में नीरज कुमार और नवल किशोर यादव के लिए एनडीए एकजुट, जदयू दफ्तर में किसने ने क्या कहा?","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एमएलसी चुनाव: पटना में नीरज कुमार और नवल किशोर यादव के लिए एनडीए एकजुट, जदयू दफ्तर में किसने ने क्या कहा?
Thu, 15 Oct 2026 09:58 PM IST
आदित्य आनंद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
Published by: आदित्य आनंद
Updated Thu, 15 Oct 2026 09:58 PM IST
सार
बिहार विधान परिषद का सबसे चर्चित सीट पटना स्नातक के लिए आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेता जदयू दफ्तर में एकजुट हुए। उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव, मंत्री निशांत कुमार और दीपक प्रकाश समेत कई बड़े नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होने की अपील की।
विज्ञापन
जदयू दफ्तर में आयोजित कार्यक्रम शामिल हुए नेता।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पटना में विधान परिषद चुनाव को लेकर एनडीए ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार तेज कर दिया है। गुरुवार को बाढ़ और पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में चुनावी सभाएं आयोजित की गईं। इनमें पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी नीरज कुमार और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी नवल किशोर यादव के पक्ष में प्रथम वरीयता का मत देने की अपील की गई। नेताओं ने 23 अक्तूबर को होने वाले मतदान में दोनों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जुटने को कहा।
विज्ञापन
'एक-एक वोट के लिए पूरी मुस्तैदी से काम करें'
उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं को पूरी मुस्तैदी के साथ एक-एक मतदाता तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से वर्ष 2005 से पहले के बिहार और वर्तमान स्थिति के बीच अंतर पर विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के विस्तार और हर पंचायत में प्लस टू विद्यालय स्थापित करने की दिशा में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने महत्वपूर्ण काम किए हैं। उन्होंने बिहार की उन्नति, शिक्षा के प्रसार और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
विज्ञापन
'2005 से पहले के बिहार को याद कर करें मतदान'
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि 23 अक्तूबर को मतदान करते समय मतदाता वर्ष 2005 से पहले के बिहार और आज के बिहार की स्थिति को जरूर याद करें। नई पीढ़ी को भी उस दौर की परिस्थितियों से अवगत कराने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने वर्ष 2005 में सत्ता संभालने के बाद सुशासन और विकास को प्राथमिकता दी और शिक्षा के विस्तार से लेकर रोजगार सृजन तक कई काम किए। निशांत ने नीरज कुमार को पार्टी का समर्पित साथी बताते हुए मतदाताओं से उनके पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में आगे बढ़ रही विकास की यात्रा को समर्थन देने का यह अवसर है।
विज्ञापन
बिहार बोर्ड न्यूज: मैट्रिक और इंटर परीक्षा के फॉर्म भरने की बढ़ी तारीख, 16 से 31 अक्तूबर तक मिलेगा मौका
मंत्री लेशी सिंह और संजय सिंह ने क्या कहा?
मंत्री लेशी सिंह ने भी दोनों प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की। वहीं, मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि प्रत्येक मतदाता का वोट विकसित और समृद्ध बिहार की परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर मतदाता तक संपर्क स्थापित करने को कहा। मंत्री संजय सिंह ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान दिखाई गई एकजुटता को बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ चुनाव में जुटने की अपील की। मंत्री दीपक प्रकाश ने भी कहा कि एनडीए के कार्यकर्ता दोनों प्रत्याशियों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जुटने की अपील
सभा में एनडीए नेताओं ने गठबंधन की एकजुटता पर जोर दिया। अनिल कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नीरज कुमार पिछले चुनाव की तुलना में अधिक मतों से जीतेंगे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, मंत्री लेशी सिंह, दामोदर रावत, संजय सिंह, श्रेयसी सिंह, दीपक प्रकाश और संजय पासवान समेत एनडीए के कई नेता मौजूद रहे।