Lok Sabha : दामाद ने ससुर को मारवायी गोली ; पर्चे भी सटवाये, वजह जानकर अब पुलिस भी हैरान
Bihar : बिहार में अपराधियों ने सोते हुए शख्स को गोली मार दी। फिर धमकी वाले पोस्टर भी चिपकाए। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो पता चला दामाद ने ही रची थी साजिश। वजह जानकर अब पुलिस भी हैरान है।
विस्तार
लखीसराय में एक जीजा ने अपनी साली की शादी तुड़वाने के लिए साली के होने वाले ससुर को गोली मारकर जख्मी कर दिया। घटना हलसी थाना क्षेत्र के बिल्ली गांव की है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि घटना 20-21 अप्रैल की मध्य रात्रि 12:30 बजे की है, जब स्व. बासो यादव के पुत्र राजो यादव को सोते समय अपराधियों ने जान मारने की नियत से पीठ में गोली मार दी। घटना के बाद घायल राजो यादव के दामाद तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुलनी निवासी अयोधी यादव के पुत्र पप्पू कुमार ने हलसी थाना में आवेदन देकर चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी थी। इस मामले में जमुई जिला के बरहट थाना क्षेत्र के डाढा गांव निवासी परमेश्वर यादव और उसके दो पुत्र दिनेश यादव एवं मनीष यादव सहित खैरा थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी वकील यादव को नामजद किया गया।
धमकी भरा पर्चा भी साटा
पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन इसी दौरान टीम को अभियुक्तों द्वारा बिल्ली एवं रिषिडीह में एक धमकी भरा पर्चा सटा हुआ बरामद हुआ। पर्चे में लिखा हुआ था कि शादी करने पर बुरा अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें। पर्चे और अन्य सुरागों के आधार पर छापेमारी दल ने नवादा जिला के कौआकोल थाना क्षेत्र के ओखरिया गांव निवासी उमेश यादव के पुत्र राणा रणवीर कुमार, धमौल थाना क्षेत्र के बड़ी गुलनी निवासी गनौरी यादव के पुत्र केदार यादव, अटारी गांव निवासी विनोद महतो के पुत्र मिथिलेश कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे खुला राज
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने पुलिस के सामने घटना को बयां किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का कहना है कि घायल राजो यादव की होने वाली बहू कांता कुमारी का अपने जीजा राणा रणवीर कुमार के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह नहीं चाहता था कि उसके साली की शादी हो। इसलिए उसने अपनी साली की शादी तुड़वाने के लिए दो सहयोगियों के साथ मिलकर राजो यादव को गोली मारने के लिए सुपारी दी। हालांकि गनीमत रही कि गोली लगने के बाव्जुर उनकी जान बच गई।
आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि पूरी घटना को उद्भेदन तकनीकी अनुसंधान से हुआ है। एसपी ने बताया कि इस घटना की साजिश करने वाला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने घटना में हथियार के साथ घटना के प्रयुक्त तीन मोबाइल एवं धमकी भरा पर्चा भी बरामद किया है। पुलिस गिरफ्तार उन अपराधियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है।