Bihar Election 2020: तेजस्वी यादव ने इस मामले में तोड़ा अपने ही पिता का रिकार्ड, जानिए बेटे से कैसे पिछड़ गए लालू यादव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 17 जिलों की 94 सीटों पर तीन नवंबर को मतदान होने हैं। दूसरा चरण जीत के लिहाज से हर पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है क्योंकि इस चरण में ही सबसे ज्यादा सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। साथ ही पहले और दूसरे चरण के चुनाव के बाद जीत का समीकरण लगभग तय हो जाएगा, माना जा रहा है कि तीसरा चरण सिर्फ बहुमत का अंतर तय करेगा।
इस बीच तमाम पार्टियों के नेता ताबड़तोड़ जनसभा करने में जुटे हुए हैं। बिहार के नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव भी ताबड़तोड़ रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। तेजस्वी यादव अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं और इस मामले में उन्होंने अपने ही पिता लालू प्रसाद यादव को पीछे छोड़ दिया है।
एक दिन में सबसे ज्यादा रैली करने में लालू यादव को छोड़ा पीछे
तेजस्वी यादव ने अपने पिता और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का रिकार्ड तोड़ दिया है। तेजस्वी यादव ने एक दिन में सबसे ज्यादा रैलियों को संबोधित करने का नया रिकार्ड बनाया है। तेजस्वी ने शनिवार को कुल 19 जनसभाओं को संबोधित किया, जो कि लालू प्रसाद यादव की ओर से एक दिन में किए गए 17 रैलियों से ज्यादा है।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार खत्म होने से ठीक एक दिन पहले अपने विधानसभा क्षेत्र वैशाली जिले के राघोपुर में तेजस्वी यादव ने लोगों से कहा कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने एक दिन में रिकार्ड 17 जनसभाओं को संबोधित किया था, आज उन्होंने कुल 19 जनसभाओं को संबोधित किया।
तेजस्वी यादव बिहार में महागठबंधन के तरफ से मुख्यमंत्री के उम्मीदवार हैं। तेजस्वी महागठबंधन के इकलौते ऐसे स्टार प्रचारक हैं, जो प्रतिदिन सबसे ज्यादा जनसभा कर रहे हैं। राघोपुर की जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ को देखकर तेजस्वी काफी गदगद दिखे। उन्होंने कहा कि 10 लाख बेरोजगारों को नौकरी देने का वादा कोई हवा-हवाई नहीं है। इस दौरान उन्होंने सत्ताधारी दलों के नेताओं के ऊपर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने लोगों से दवाई, कमाई और बच्चों की पढ़ाई छीन ली। इस कारण इस सरकार की विदाई तय है। हमारी सरकार बनी तो कैबिनेट की पहली बैठक में 10 लाख नौकरियों पर हस्ताक्षर करेंगे।