बिहार: लुटेरों ने कनपटी पर पिस्टल रख छीननी चाही जंजीर, कारोबारी की पत्नी ने हिम्मत दिखाई तो हथियार भी छोड़कर भागे अपराधी
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह बाइक सवार दो लुटेरों ने एक कारोबारी और उनकी पत्नी की कनपटी पर पिस्टल रखकर जंजीर छीनने की कोशिश की। लेकिन कारोबारी की पत्नी ने हिम्मत दिखाई और लुटेरों से भिड़ गई। इतना ही नहीं महिला ने लुटरों से पिस्टल छीन ली, इसके बाद दोनों अपराधी पिस्टल छोड़ अपनी जान बचाकर भाग निकले।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह बाइक सवार दो लुटेरों ने एक कारोबारी और उनकी पत्नी की कनपटी पर पिस्टल रखकर जंजीर छीनने की कोशिश की। लेकिन कारोबारी की पत्नी ने हिम्मत दिखाई और लुटेरों से भिड़ गई। इतना ही नहीं महिला ने लुटरों से पिस्टल छीन ली, इसके बाद दोनों अपराधी पिस्टल छोड़ अपनी जान बचाकर भाग निकले।
काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के मोटर पार्ट्स कारोबारी अभिषेक कुमार अपनी पत्नी रानुशंकर को स्कूटी सिखाने गए थे। अभिषेक पीछे बैठे थे और उनकी पत्नी स्कूटी चला रही थी। इसी बीच अघोरिया बाजार की तरफ से काले रंग की हाई स्पीड बाइक से दो बदमाश आए। ओवरटेक कर जबरन स्कूटी रुकवा ली। इसके बाद एक अपराधी ने उतरकर उनके सिर में पिस्टल सटा दी। गाली देते हुए स्कूटी से उतरने और गले पहन रखी चेन को उतार कर देने को कहा। इसपर कारोबारी की पत्नी स्कूटी से कूदकर लुटेरे को पीटने लगी। इतना ही नहीं महिला ने लुटेरे के हाथ से पिस्टल भी छीन ली। इसके बाद दोनों ने मिलकर पिटाई करने लगे। यह देख दूसरे लुटेरे ने उसे भागने को कहा।
मास्क की वजह से नहीं देख पाए चेहरा
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। काजी मोहम्मदपुर थाना के दारोगा शम्भू नाथ झा मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोडेड पिस्टल को जब्त कर लिया। मामले में इमलीचट्टी के मोटर पार्ट्स कारोबारी अभिषेक कुमार ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
पति की कनपटी पर पिस्टल रखते ही पत्नी ने खोया आपा
रानुशंकर ने कहा कि पति के सिर पर बदमाशों ने पिस्टल तान दी। इसके बाद मैंने उन पर हाथ चला दिया। इससे उनकी पिस्टल जमीन पर गिर गई। मौके मिलते ही पति ने भी उनका विरोध किया। खुद को घिरता देख आनन फानन में बदमाश पिस्टल छोड़कर ही भाग गए। उनके जाने के बाद चैन की सांस ली।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
अभिषेक ने बताया कि पकड़े जाने के डर से वह अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर भाग निकला। पीड़ित ने बताया कि दोनों की उम्र 25-30 वर्ष के बीच होगी। दोनों ने मास्क पहन रखा था। वे इतना घबरा गए थे कि चेहरा स्पष्ट तरीके से नहीं देख सके। काजी मोहम्मदपुर थाने के थानाध्यक्ष मोहम्मद शुजाउद्दीन ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।