Bihar: सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में एमटेक दाखिले के लिए 10 जुलाई से आवेदन शुरू, जानें कब आएगा रैंक कार्ड?
बिहार के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में एमटेक दाखिले के लिए 10 से 18 जुलाई तक आवेदन होंगे। पहले दो चरणों में गेट स्कोर के आधार पर काउंसलिंग होगी। रिक्त सीटों पर बाद में बीटेक/बीई अंकों के आधार पर नामांकन किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में एमटेक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया 10 जुलाई से शुरू होगी। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (बीसीईसीईबी) ने पोस्ट ग्रेजुएट इंजीनियरिंग एडमिशन काउंसलिंग (पीजीईएसी)-2026 की अधिसूचना जारी कर दी है। वैध गेट (GATE) स्कोर वाले अभ्यर्थी 10 से 18 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।
अभ्यर्थियों को बीसीईसीईबी के पीजीईएसी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 18 जुलाई निर्धारित की गई है, जबकि आवेदन पत्र में 19 जुलाई तक संशोधन किया जा सकेगा। रैंक कार्ड और काउंसलिंग कार्यक्रम 24 जुलाई को जारी किए जाएंगे। काउंसलिंग की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
पढ़ें: पीएमसीएच में इस महीने लगेंगी दो सीटी स्कैन और एक एमआरआई मशीन, बिहार में पहली बार रिसर्च आधारित सुविधा
पीजीईएसी-2026 के माध्यम से एमआईटी मुजफ्फरपुर, बीसीई भागलपुर, जीईसी वैशाली, जीसीई गया, केसीई कटिहार, जीईसी पश्चिमी चंपारण, सुपौल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, श्री फणीश्वर नाथ रेणु इंजीनियरिंग कॉलेज अररिया, एनसीई चंडी, डीसीई दरभंगा और बिहार रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर, पटना सहित राज्य के विभिन्न सरकारी इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रथम वर्ष एमटेक पाठ्यक्रमों में नामांकन होगा।
बीसीईसीईबी के अनुसार काउंसलिंग के पहले दो चरण केवल वैध गेट स्कोर वाले अभ्यर्थियों के लिए आयोजित किए जाएंगे। यदि इसके बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं तो शेष सीटों पर बीटेक/बीई में प्राप्त अंकों के आधार पर नामांकन किया जाएगा। इसके लिए अलग से अधिसूचना जारी होगी। एमटेक दाखिले के लिए आवेदन का अवसर केवल एक बार मिलेगा और उसी आवेदन के आधार पर सभी काउंसलिंग चरणों में सीटों का आवंटन किया जाएगा।