Bihar : बिहार एआई समिट का हुआ भव्य समापन; राज्यपाल ने कहा- बिहार के युवा बंगलूरू को भी कर देंगे पीछे
Bihar : बिहार एआई समिट का आज भव्य समापन हुआ। इस मौके पर मुख्या अतिथि के रूप में बिहार के राज्यपाल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बिहार का विकास होगा। उन्होंने कहा कि मुझे यकीन है कि बिहार के युवा एआई के क्षेत्र में बंगलूरू को भी पीछे छोड़ देंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी पटना में बिहार एआई समिट आज संपन्न हो गया। 23 और 24 मई को चले इस महाकुंभ ने बिहार को वैश्विक तकनीकी मानचित्र पर लाकर खड़ा कर दिया है। पूरे आयोजन के दौरान देश-विदेश की बड़ी कंपनियों, नीति-निर्माताओं और तकनीकी विशेषज्ञों ने बिहार के विकास में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर रोडमैप तैयार किया। यह कार्यक्रम ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया था। समिट का भव्य उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया था। उन्होंने नालंदा और विक्रमशिला के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए संकल्प लिया कि बिहार को 21वीं सदी में तकनीक का अगुआ बनाना राज्य की नियति है।
अब सूचना प्रौद्योगिकी और एआई की बारी
समापन समारोह के मुख्य अतिथि रहे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने आयोजकों और युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि बिहार ने पिछले 20 वर्षों में सड़क और बिजली जैसी बुनियादी ढांचों के निर्माण में शानदार प्रगति की है। अब समय आ गया है कि राज्य सूचना प्रौद्योगिकी और एआई के क्षेत्र में आगे बढ़े। स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि में एआई का उपयोग आम नागरिकों का जीवन बदल देगा। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात का यकीन है कि बिहार के युवा आने वाले समय में बंगलूरू को भी पीछे छोड़ देंगे।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar News : बिहार एआई समिट कार्यक्रम में खूब हुआ हंगामा, युवाओं को इस बात से थी नाराजगी
पंचायत स्तर पर पानी की शुद्धता जांचेगा एआई
वहीं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय कुमार सिंह ने बताया कि हर घर नल जल मिशन को मजबूत करने में एआई एक बड़ी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि एआई उपकरणों की मदद से पंचायत स्तर पर ही पानी में आर्सेनिक और फ्लोराइड जैसी अशुद्धियों का पता लगाया जा सकेगा और पानी के रिसाव को भी रोका जा सकेगा।
यह खबर भी पढ़िये-Bihar Weather: बिहार के चार जिलों में भीषण गर्मी का अलर्ट, सीमांचल में आज भी बारिश के आसार; जानिए मौसम का हाल
यह तो बस शुरुआत है
समिट के संयोजक और क्लास एडटेक के संस्थापक निखिल कुमार ने सफल आयोजन पर खुशी जताते हुए कहा कि यह समिट केवल एक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि यह बिहार की असली ताकत और क्षमता का शंखनाद था। यहाँ जो विचार साझा हुए हैं और जो साझेदारियाँ बनी हैं, वे आने वाले समय में बिहार को वैश्विक एआई मानचित्र पर स्थापित करेंगी। बिहार अब पूरी तरह तैयार है।
लगभग दस हजार प्रतिभागी इस कार्यक्रम में हुए शामिल
दो दिनों में लगभग 10,000 से अधिक प्रतिभागी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। वहीं 25 से अधिक राज्यों और विदेशों मुख्य रूप से अमरीका, यूरोप, अफ्रीका से 100 से अधिक स्पीकर्स शामिल हुए। वहीं 150 से अधिक राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों ने 60 से ज्यादा स्टॉल्स पर अपने आधुनिक उत्पाद जैसे ड्रोन, रोबोटिक्स, हेल्थकेयर आदि प्रदर्शित किए। कुल 10 विशेष सत्रों में बिहार के बुनियादी क्षेत्रों पर गहन मंथन हुआ। एआई के जरिए कानूनी सहायता को आसान बनाने, जमीन के कागजातों जैसे भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण और साइबर अपराध से निपटने पर चर्चा हुई। बिहार की खेती को मजबूत करने के लिए ड्रोन तकनीक, मिट्टी की जांच और फसलों की निगरानी के लिए एआई का उपयोग करने के व्यावहारिक तरीके सुझाए गए।