PM की तस्वीर पर मंत्री ने मरवाए जूते, सदन में मांगी माफी, बीजेपी ने मांगा इस्तीफा
बिहार की नीतीश कुमार सरकार को उनके मंत्री की टिप्पणी भारी पड़ती हुई दिख रही है। बिहार सरकार में कांग्रेस के कोटे से आबकारी मंत्री बने अब्दुल जलील मस्तान ने मंगलवार को पीएम को लेकर अपशब्द का इस्तेमाल किया और खुद की उपस्थिति के दौरान नोटबंदी पर हो रहे प्रदर्शन में पीएम की फोटो पर जूते मरवाए।
इस मामले पर अब भारतीय जनता पार्टी आक्रामक हो गई है। उसने बुधवार को सदन में जमकर हंगामा काटा। हालांकि सदन में मस्तान ने मामले पर माफी मांग ली। वहीं सीएम नीतीश कुमार ने भी मंत्री द्वारा की गई टिप्पणी को गलत बताया।
उपमुख्यमंत्री तेजप्रताप ने भी सदन में कहा कि जिम्मेदार पदों पर बैठे शख्स को ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इसके अलावा कांग्रेस भी कह चुकी है कि जिम्मेदार व्यक्ति को ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, लेकिन बीजेपी अपने रुख पर अभी भी अड़ी हुई है।
बीजेपी ने कहा इस्तीफे से कम कुछ भी मंजूर नहीं
भारतीय जनता पार्टी, मंत्री द्वारा माफी मांगने से खुश नहीं, उसने सीएम से मंत्री का इस्तीफा मांगा है। पार्टी का कहना है कि मंत्री की बर्खास्तगी से कम उसे कुछ भी मंजूर नहीं है।
अगर मस्तान को बर्खास्त नहीं किया जाता है तो वो सदन नहीं चलने देगी। आपको बता दें कि मंगलवार को नोटबंदी के खिलाफ एक प्रदर्शन के दौरान बिहार सरकार के मंत्री मस्तान ने पीएम मोदी को 'डकैत' कहा था। साथ ही प्रदर्शन के दौरान पीएम की फोटो पर जूते भी मरवाए।
वहीं मस्तान ने कहा है कि उन्होंने किसी को भी मोदी की फोटो पर जूते मारने के लिए नहीं कहा, लेकिन सारा मामला वीडियो में कैद हो गया था।