लगाइए यह स्मार्ट नंबर प्लेट, पार्किंग के समय कभी नहीं टकराएगी कार
वैसे तो आजकल अधिकतर कार के पीछे कैमरे मिल रहे हैं लेकिन अगर आपकी कार के पीछे कैमरा नहीं है तो पार्किंग के समय परेशानी बनी रहती है कि कहीं गाड़ी पीछे किसी चीज से टकरा ना जाए। अब आपकी इस समस्या का समाधान एक स्मार्ट नंबर प्लेट ने कर दिया है। यह खास नंबर प्लेट 10 फीट की दूरी से ही बता देगा कि कोई चीज पीछे है जिससे आपकी कार टकरा सकती है। तो आइए जानते हैं इस नंबर प्लेट की खासियत।
FenSens Fender Defender की खासियत
FenSens Fender Defender नाम के इस प्लेट को मोबाइल के जरिए कनेक्ट किया जा सकेगा, हालांकि इसके लिए आपको एक ऐप डाउनलोड करना होगा। ऐप के जरिए नंबर प्लेट कनेक्ट हो जाएगा और उसके बाद आपको पूरा अपडेट मिलता रहेगा। दरअसल इस प्लेट में कोई कैमरा नहीं लगा है, बल्कि इसमें चार अल्ट्रासॉनिक सेंसर हैं जो 10 फीट की दूरी से किसी चीज को डिटेक्ट कर सकते हैं। यह खास प्लेट ब्लूटूथ के जेरिए ऐप से कनेक्ट होता है। इसमें एक बैटरी भी लगी है जिसे करीब 5 महीने में एक बार चार्ज करना होता है। अच्छी बात यह है कि यह प्लेट पूरी तरह वाटर और डस्टप्रूफ है।