BMW: म्यूनिख में राहुल गांधी ने देखी बीएमडब्ल्यू F 450 GS, कहा- 'भारतीय झंडे को यहां ऊंचा उड़ते देख गर्व हुआ'
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जर्मनी के म्यूनिख में बीएमडब्ल्यू वेल्ट और बीएमडब्ल्यू फैक्ट्री का दौरा किया। यहां उन्होंने कार और बाइक निर्माण की आधुनिक तकनीकों को नजदीक से देखा। इस दौरान उन्होंने नई BMW F 450 GS बाइक देखी।
विस्तार
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस हफ्ते की शुरुआत में जर्मनी के म्यूनिख शहर में बीएमडब्ल्यू वेल्ट और बीएमडब्ल्यू के कारखाने का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बीएमडब्ल्यू में कार और बाइक बनाने की आधुनिक तकनीकों को नजदीक से देखा। अपनी यात्रा में राहुल गांधी ने बीएमडब्ल्यू की तेज रफ्तार और दमदार एम-सीरीज कारें, इलेक्ट्रिक बाइक्स, बीएमडब्ल्यू iX3, रोल्स-रॉयस, पुरानी इटालियन डिजाइन वाली बीएमडब्ल्यू इसेटा और मैक्सी स्कूटरों को भी देखा। यह दौरा उनके लिए खास रहा।
BMW F 450 GS का मेड-इन-इंडिया कनेक्शन
इस दौरे का सबसे खास पल तब आया, जब राहुल गांधी ने हाल ही में पेश की गई BMW F 450 GS बाइक को देखा। बाइक देखकर उन्होंने खुशी जताई और कहा कि यह उनके लिए एक शानदार अनुभव रहा। उन्होंने यह भी कहा कि 450 सीसी की बाइक देखकर उन्हें खास उत्साह हुआ। और इस स्तर पर भारतीय झंडे को लगा हुआ देखना अच्छा लगा। खास बात यह है कि BMW F 450 GS को टीवीएस कंपनी के साथ मिलकर तमिलनाडु के होसुर में विकसित किया गया है। फिलहाल यह एडवेंचर-टूरर बाइक भारत में लॉन्च नहीं हुई है। लेकिन इसे हाल ही में EICMA 2025 में दुनिया के सामने पेश किया गया। इससे साफ होता है कि बीएमडब्ल्यू के ग्लोबल कारोबार में भारत की भूमिका लगातार बढ़ रही है।
BMW F 450 GS बाइक का इंजन और फीचर्स
अगर इस बाइक की खूबियों की बात करें तो BMW F 450 GS में एक नया विकसित 450cc का पैरेलल-ट्विन, लिक्विड-कूल्ड इंजन लगा है। यह इंजन 48 PS की पीक पावर और 43 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इसमें गियर बदलने में आसानी के लिए 'क्विकशिफ्टर प्रो' दिया गया है। यह पावरट्रेन टीवीएस और बीएमडब्ल्यू की साझेदारी का परिणाम है।
बाइक का डिजाइन और लुक्स
प्रोडक्शन-रेडी मॉडल अपने कॉन्सेप्ट वर्जन के कई प्रमुख स्टाइलिंग तत्वों को बरकरार रखता है। इसमें एक स्कल्प्टेड फ्यूल टैंक, एंगुलर साइड फेयरिंग और एक नुकीला फ्रंट प्रोफाइल है जिसमें बीएमडब्ल्यू की पहचान 'बीक' जैसा एक्सटेंशन है। हेडलैम्प का डिजाइन बड़ी बाइक R 1300 GS से प्रेरित लगता है, जिसमें एक्स-शेप्ड (X-shaped) DRLs (डे-टाइम रनिंग लाइट) दिए गए हैं। पीछे की तरफ स्लीक टेल लैंप इसे एक आक्रामक और डायनामिक लुक देता है।
बाइक का वजन और सस्पेंशन
कंपनी के मुताबिक, बाइक का वजन 175 किलोग्राम है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह कर्ब वेट (ईंधन के साथ) है या ड्राई वेट। चूंकि छोटी G 310 GS का कर्ब वेट ही 175 किलोग्राम है, इसलिए संभावना है कि यह ड्राई वजन हो। सस्पेंशन के लिए, इसमें आगे की तरफ 19-इंच और पीछे 17-इंच के पहिये दिए गए हैं। फ्रंट में 43mm के USD फोर्क्स (एडजस्टेबल स्प्रिंग प्रीलोड और रिबाउंड के साथ) और रियर में मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है। जो इसे हर तरह के रास्तों के लिए तैयार करता है।