अब सुपरबाइक से गश्त करेगी दुबई पुलिस: BMW M 1000 RR 3.1 सेकंड में 100 kmph की रफ्तार पकड़ती है, जानें खूबियां
- दुबई पुलिस के बेड़े में बीएमडब्ल्यू एम 1000 आरआर।
- सुपरबाइक में 218 hp की पावर।
- 999cc इनलाइन-फोर इंजन से लैस है।
- पर्यटन स्थलों पर तैनाती होगी।
विस्तार
दुबई पुलिस की लग्जरी गाड़ियों की चर्चा अक्सर दुनिया भर में होती है। अब इस बेड़े में एक ऐसी सुपरबाइक शामिल हो गई है, जो अपनी रफ्तार और रेसिंग तकनीक के लिए जानी जाती है। दुबई पुलिस ने 218 hp की ताकत वाली बीएमडब्ल्यू एम1000 आरआर को अपने पेट्रोल बेड़े में शामिल किया है। इस बाइक को दुबई में आयोजित 'वर्ल्ड पुलिस समिट' के दौरान पेश किया गया। पुलिस के इस्तेमाल को ध्यान में रखते हुए इसके रंग-रूप और कुछ उपकरणों में बदलाव किए गए हैं। हालांकि, इसके इंजन और दूसरे मैकेनिकल हिस्सों को स्टैंडर्ड मॉडल जैसा ही रखा गया है। अब इस सुपरबाइक का इस्तेमाल शहर के पर्यटन स्थलों और प्रमुख जगहों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के लिए किया जाएगा।
दुबई पुलिस के बेड़े में आई सुपरबाइक
- दुबई पुलिस ने बीएमडब्ल्यू एम 1000 RR को अपने लग्जरी पेट्रोल बेड़े में शामिल किया है। इस बाइक को दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित 'वर्ल्ड पुलिस समिट' के पहले दिन पेश किया गया। इसे दुबई में BMW की एक्सक्लूसिव आयातक कंपनी AGMC के साथ मिलकर प्रदर्शित किया गया।
- यह बाइक दुबई पुलिस के लिए बेहद खास बताई जा रही है। विभाग का कहना है कि M 1000 RR उसकी पहली लग्जरी बाइक है। जो पहले से ही अपने खास कार कलेक्शन के लिए पहचानी जाने वाली दुबई पुलिस के बेड़े में रोल्स-रॉयस कलिनन, पोर्श 918 स्पाइडर और फेरारी FF जैसी गाड़ियां शामिल हैं।
- पुलिस का कहना है कि इस सुपरबाइक को शामिल करना आधुनिक ऑटोमोटिव तकनीक पर उसके बढ़ते फोकस को दिखाता है। इसका इस्तेमाल सिर्फ गश्त के लिए ही नहीं, बल्कि लोगों से जुड़ने के लिए भी किया जाएगा। पुलिस अधिकारी भीड़-भाड़ वाली जगहों और पर्यटन स्थलों पर लोगों से बातचीत करेंगे और उन्हें पुलिसिंग तथा स्थानीय सेवाओं के बारे में जानकारी देंगे।
क्यों इतनी खास है BMW M 1000 RR?
- बीएमडब्ल्यू एम 1000 RR में 999 cc का इनलाइन-फोर इंजन दिया गया है। इसमें कंपनी की सिफ्टकैम तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यह इंजन 14,500 rpm पर 218 hp की अधिकतम पावर और 113 Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
- कंपनी के अनुसार, यह बाइक सिर्फ और सिर्फ3.1 सेकंड में 0 से 100 kmph की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 314 kmph है। यानी यह सिर्फ दिखने में ही रेसिंग बाइक जैसी नहीं है, बल्कि इसकी परफॉर्मेंस भी काफी तेज है।
- बाइक का वजन 194 kg है और इसमें 16.5 लीटर की क्षमता वाला फ्यूल टैंक मिलता है। एम1000 RR का रेसिंग से भी गहरा नाता है। यह बीएमडब्ल्यू के वर्ल्ड सुपरबाइक प्रोग्राम के लिए सड़क पर चलने वाला होमोलोगेशन बेस मॉडल है। यानी इसी प्लेटफॉर्म को आधार बनाकर कंपनी रेसिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली बाइक तैयार करती है।
पुलिस के इस्तेमाल के लिए क्या-क्या बदलाव किए गए?
- बीएमडब्ल्यू एम 1000 आरआर के इंजन और मैकेनिकल हिस्सों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें स्टैंडर्ड मॉडल वाला ही पावरट्रेन मिलता है। कार्बन-फाइबर बॉडीवर्क और एयरोडायनामिक विंगलेट्स भी पहले की तरह दिए गए हैं।
- हालांकि, पुलिस की जरूरत के हिसाब से इसके बाहरी डिजाइन और कुछ उपकरणों में बदलाव किए हैं। पेट्रोल वर्जन को चमकदार सफेद और हरे रंग की खास लीवरी दी गई है, जिससे इसे दुबई पुलिस की पहचान के मुताबिक तैयार किया जा सके।
- इसके बाएं साइड पैनल पर सायरन लगाया गया है। वहीं, सफेद रंग के विंगलेट्स में इमरजेंसी लाइट्स दी गई हैं। इन बदलावों का मकसद बाइक को पुलिस के कामकाज के लिए उपयोगी बनाना है। इस तरह इसकी मूल रेसिंग क्षमता को बरकरार रखते हुए इसे पुलिस की जरूरतों के मुताबिक तैयार किया गया है।
रेसिंग ट्रैक से शहर की सड़कों तक पहुंची M 1000 RR
- बीएमडब्ल्यू एम 1000 आरआरउसी रेस-ओरिएंटेड प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जिसकी मदद से तोप्राक राजगाटलिओग्लू ने 2024 और 2025 में वर्ल्ड एसबीके चैंपियनशिप जीती थी। हालांकि, दुबई पुलिस के लिए तैयार बाइक में वे खास रेसिंग बदलाव नहीं किए गए हैं, जो प्रतियोगिताओं में इस्तेमाल होने वाली मोटरसाइकिलों में मिलते हैं।
- लेकिन दुबई पुलिस की M 1000 RR का काम रेसिंग ट्रैक पर मुकाबला करना नहीं होगा। इसे शहर की सड़कों, प्रमुख सार्वजनिक स्थानों और पर्यटन स्थलों पर इस्तेमाल किया जाएगा। यहां इसका मकसद पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के साथ लोगों के बीच पुलिस विभाग की पहुंच को मजबूत करना भी है।
अब पर्यटन स्थलों पर दिखेगी पुलिस की सुपरबाइक
- दुबई पुलिस इस बाइक का इस्तेमाल खास तौर पर पर्यटन स्थलों और प्रमुख जगहों पर अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए कर सकती है। इन जगहों पर तैनात अधिकारी लोगों से बातचीत कर सकेंगे और पुलिस सेवाओं से जुड़ी जानकारी दे सकेंगे।
- इस तरह बीएमडब्ल्यू एम 1000 आरआर दुबई पुलिस के लिए सिर्फ एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल नहीं, बल्कि लोगों से जुड़ने का एक नया माध्यम भी हो सकती है। 218 hp की पावर, 314 kmph की टॉप स्पीड और पुलिस के लिए लगाए गए खास उपकरण इसे विभाग के लग्जरी पेट्रोल बेड़े का नया आकर्षण बनाते हैं।
