बिना ड्राइवर सड़क पर दौड़ी एमजी विंडसर ईवी!: पेड़ से टकराने के बाद भी घूमते रहे पहिए, देखें वायरल वीडियो
पंजाब के लुधियाना से सामने आए एक वायरल वीडियो में MG Windsor EV कथित तौर पर बिना ड्राइवर के सड़क पर चलती दिखाई दे रही है। सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किए जा रहे इस वीडियो में इलेक्ट्रिक कार पहले सड़क किनारे मौजूद एक विक्रेता से टकराती है। उसके बाद क्या हुआ, इसके लिए पूरा वीडियो देखें।
विस्तार
वायरल वीडियो में क्या-क्या दिखाई दे रहा है?
सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो क्लिप में एमजी विंडसर सड़क पर आगे बढ़ती दिख रही है, जबकि कार का मालिक उसके साथ-साथ पैदल भाग रहा है। वह आसपास खड़े लोगों को रास्ते से हटने की चेतावनी देता हुआ सुनाई दे रहा है।- मालिक का दावा: कार मालिक को यह कहते सुना जा सकता है कि गाड़ी अंदर से पूरी तरह लॉक है। और उसका कार के मूवमेंट पर कोई कंट्रोल नहीं रह गया है।
- पेड़ से टक्कर और धुआं: कुछ मीटर आगे जाने के बाद कार सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा जाती है। टक्कर के बाद भी गाड़ी का अगला पहिया अजीब तरह से घूमता रहता है और फ्रंट सेक्शन के पास धुआं उठता हुआ दिखता है।
- लोगों ने की रोकने की कोशिश: आखिरकार, आसपास मौजूद कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाई और गाड़ी को रोकने के मकसद से उसकी साइड विंडो (शीशा) को तोड़ दिया। हालांकि, वीडियो से यह साफ नहीं हो पाया है कि यह घटना किस समय हुई और कार अचानक अपने आप कैसे चलने लगी।
जितनी ज्यादा टेक्नोलॉजी उतनी ज्यादा आफ़त..
— 😊 NiTu 😊 (@NituTiw81600052) September 15, 2026
लुधियाना में MG कंपनी की Windsor EV अपने आप लॉक होकर बिना चालक के चल पड़ी...
गाड़ी पर चालक का कोई कंट्रोल नहीं रहा... pic.twitter.com/BdiWrTje5D
इस घटना पर सोशल मीडिया और लोगों की क्या प्रतिक्रिया है?
- इस वीडियो के सामने आने के बाद इंटरनेट पर मिला-जुला रिएक्शन देखने को मिल रहा है। कुछ यूज़र्स ने इस तकनीकी खराबी पर गहरी चिंता व्यक्त की, तो वहीं कुछ लोगों ने मॉडर्न और सॉफ्टवेयर-आधारित गाड़ियों के एडवांस्ड फीचर्स की सुरक्षा पर सवाल उठाए। एक यूज़र ने टिप्पणी करते हुए लिखा, "जितनी ज्यादा टेक्नोलॉजी होगी, उतनी ही ज्यादा दिक्कतें होंगी।"
- सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने यह अटकलें भी लगाईं कि यह घटना 'ऑटो पार्क-असिस्ट' या किसी अन्य ड्राइवर-असिस्टेंस फीचर में आई खराबी के कारण हो सकती है। हालांकि, ये सभी दावे सिर्फ कयासबाजी हैं। किसी भी आधिकारिक सूत्र ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कि किसी खास फीचर की वजह से गाड़ी बिना ड्राइवर के चलने लगी थी।
MG विंडसर EV में कौन-कौन से टेक-फीचर्स मिलते हैं?
- एमजी विंडसर भारतीय बाजार में कई हाई-टेक और सॉफ्टवेयर-बेस्ड फीचर्स के साथ आती है। इसके टॉप वेरिएंट्स में 'एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम' (ADAS) जैसे सेफ्टी फीचर्स भी मिलते हैं।
- ये एडवांस्ड सिस्टम आमतौर पर कई तरह के सॉफ्टवेयर, सेंसर्स, कैमरों और व्हीकल-कंट्रोल यूनिट्स के कॉम्बिनेशन पर काम करते हैं। सही तरीके से काम करने पर ये ड्राइविंग को काफी आसान और सुरक्षित बनाते हैं।
- हालांकि, किसी आधिकारिक जांच रिपोर्ट या कार के कंट्रोलर डेटा की जांच के बिना लुधियाना की इस घटना को सीधे तौर पर किसी विशेष फीचर से जोड़ना जल्दबाजी होगी।
क्या इस घटना पर कंपनी या पुलिस का कोई बयान आया है?
- फिलहाल, इस वायरल वीडियो के संदर्भ में एमजी मोटर इंडिया (MG Motor India) या स्थानीय पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
- अभी तक यह मुख्य विवरण स्पष्ट नहीं हो सके हैं कि घटना के वक्त गाड़ी किसी विशेष मोड (पार्क, ड्राइव या असिस्ट) में थी या नहीं, या ड्राइवर कार को एक्टिव छोड़कर बाहर निकला था, अथवा कार में कोई सेंसर या सॉफ्टवेयर खराबी हुई थी। इसलिए, वीडियो से जुड़े दावे और कारण फिलहाल असत्यापित हैं।